2027 में प्रचंड बहुमत का संकल्प

अथाह संवाददाता ,
गाजियाबाद। साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र के मोहन नगर चौराहे पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के आगमन पर भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं साहिबाबाद विधायक सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक शामिल हुए। स्वागत के दौरान पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और “भारत माता की जय” तथा “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष का फरसा एवं विशाल पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास, सुशासन और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पुनः प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटेगा।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने और वर्ष 2027 में भाजपा की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि मोदी और योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुरक्षा और सुशासन की नई ऊंचाइयों को छूता रहेगा।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से वर्ष 2027 में भाजपा फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कार्यक्रम में शामिल सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं साहिबाबाद की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब भाजपा के प्रति जनता के विश्वास और संगठन की मजबूती का प्रमाण है। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।ReplyForwardAdd reaction
