मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पश्चिमी उत्तर प्रदेश का तूफानी दौरा
प्रतिमा अनावरण के बाद मुरादनगर में ही विशाल जनसभा को करेंगे संबोधित
मुरादनगर- मोदीनगर विधानसभा के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण- शिलान्यास
गाजियाबाद में रात्रि विश्राम से पहले करेंगे कांवड़ यात्रा की समीक्षा

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद/ मुरादनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार एवं शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तूफानी दौरे पर रहेंगे। वे गाजियाबाद के साथ ही शामली एवं बिजनौर जिलों में जहां विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करने के साथ ही जनसभाओं को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री योगी मुरादनगर में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं मुरादनगर से छह बार विधायक रह चुके स्व. राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पश्चिमी उत्तर प्रदेश का तूफानी दौरा शुक्रवार को सुबह शुरू हो जायेगा। मुख्यमंत्री दोपहर बाद करीब तीन बजे मुरादनगर के आईटीएस डेंटल कॉलेज पहुंचेंगे। वहां से वे कार द्वारा रावली रोड स्थित टीपीएस त्यागी- कुशलपाल त्यागी मैमोरियल डिग्री कॉलेज पहुंचेंगे और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यहीं पर वे परिवार के लोगों से भी मिलेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित जनसभा में पहुंचेंगे और वहां पर मोदीनगर- मुरादनगर के विकास कार्यों का लोकार्पण- शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुरादनगर के आईटीएस कॉलेज से हैलीकाप्टर द्वारा गाजियाबाद पुलिस लाइन पहुंचेंगे। वे कलेक्ट्रेट पहुंचकर कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करने के साथ ही आवश्यक निर्देश देंगे। उनका रात्रि विश्राम भी गाजियाबाद के लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में रहेगा। इसके बाद उनके कार्यक्रम आरक्षित है। उम्मीद जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री योगी दूधेश्वर नाथ मंदिर में जाकर पूजा करेंगे। वे अपनी बहन से मिलने भी जा सकते हैं।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी लखनऊ से गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट आने के बाद शामली जिले के कैराना जायेंगे। जहां वे पीएससी के निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण करने के बाद शामली जिले की विधानसभाओं के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके बाद उनका बिजनौर जाने का कार्यक्रम है जहां वे बिजनौर एवं चांदपुर विधानसभाओं के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस तूफानी दौरे में अमरोहा एवं संभल के साथ ही बुलंदशहर जिलों में भी जायेंगे जहां उनका जनसभाओं के साथ ही अन्य कार्यक्रम है।
जनसभा एवं प्रतिमा के निर्माण की तैयारियां पूर्ण, डीएम ने किया निरीक्षण
मुरादनगर के टीपीएस त्यागी- कुशल पाल त्यागी मैमोरियल डिग्री कॉलेज में स्व. राजपाल त्यागी की प्रतिमा के अनावरण एवं जनसभा की सभी तैयारियां पूर्ण हो गई। स्व. राजपाल त्यागी के पुत्र एवं मुरादनगर से भाजपा विधायक अजीत पाल त्यागी ने बताया कि अनावरण के साथ ही जनसभा की सभी तैयारियां पूर्ण हो गई है। देर शाम जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के साथ ही उन्होंने भी तैयारियों का निरीक्षण किया। वे खुद कार्यक्रम स्थल पर ही डेरा डाले हुए हैं।
