17 को मुरादनगर आयेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुरादनगर के रावली रोड स्थित टीपीएस त्यागी- कुशल पाल त्यागी मैमोरियल डिग्री कॉलेज में होगा कार्यक्रम
स्व. राजपाल त्यागी की प्रथम पुण्य तिथि पर होगा प्रतिमा का अनावरण
दिल्ली से लौटकर हिंडन एयर फोर्स स्टेशन पर अजीत पाल त्यागी से मिलकर तारीख हुई तय
पूर्व मंत्री स्व. राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे मुख्यमंत्री योगी

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 17 जुलाई शुक्रवार को मुरादनगर आयेंगे। वे मुरादनगर से भाजपा विधायक अजीत पाल त्यागी के पिता पूर्व मंत्री स्व. राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
बता दें कि प्रदेश में कई बार मंत्री रह चुके एवं मुरादनगर से करीब आधा दर्जन बार विधायक रहे राजपाल त्यागी का 2025 में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। अब उनकी पुण्य तिथि पर उनके विधायक पुत्र अजीत पाल त्यागी उनकी प्रतिमा का अनावरण करवा रहे हैं इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उन्होंने निमंत्रण दिया था। प्रतिमा की स्थापना मुरादनगर के रावली रोड स्थित टीपीएस त्यागी- कुशल पाल त्यागी मैमोरियल डिग्री कॉलेज में स्थापित की जा रही है। यहीं पर उनकी प्रतिमा का अनावरण करने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रद्धांजलि सभा को भी संबोधित करेंगे।
दो बार निर्दलीय चुनाव जीते थे राजपाल त्यागी
राजपाल त्यागी मुरादनगर के लोक प्रिय विधायक रहे थे। यहीं कारण है कि वे छह बार लगातार विधायक रहे थे। उनकी लोकप्रियता का आलम यह था कि वे दो बार निर्दलीय विधायक चुने गये। वे सपा और बसपा सरकारों में तीन बार मंत्री रहे। उन्हें विकास पुरूष के रूप में मुरादनगर के लोग याद करते हैं।
विधायक अजीत पाल त्यागी को हिंडन बुलाकर कहा- तैयारी करो
मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली आये थे। उन्होंने वापसी के दौरान विधायक अजीत पाल त्यागी को हिंडन एयर फील्ड बुला लिया और उनसे बात कर कहा कि वे 17 जुलाई को आयेंगे, कार्यक्रम की तैयारियां शुरू करो। इसके साथ ही उन्होंने सहयोग करने के लिए जिले के अधिकारियों को निर्देश दिये।
पिताजी और पूर्व मंत्री स्व. राजपाल त्यागी की पुण्य तिथि पर उनकी प्रतिमा जो मुरादनगर के रावली रोड स्थित तेजपाल सिंह त्यागी- कुशल पाल त्यागी मैमोरियल डिग्री कॉलेज में स्थापित की जा रही है का अनावरण करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से अनुरोध किया गया था। उन्होंने अनुरोध को स्वीकार करते हुए 17 जुलाई की तिथि तय की है। कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई है।
अजीत पाल त्यागी, विधायक मुरादनगर
