Dainik Athah

विपक्ष पर कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं : नितिन नबीन

लखनऊ में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं में भरा जोश

प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने किया अभिनंदन, विपक्ष पर साधा निशाना

2027 में तीसरी बार सरकार बनाने का किया आह्वान

अथाह व्यूरो,

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के लखनऊ आगमन पर पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से लेकर विभिन्न मार्गों तक उत्साह का माहौल देखने को मिला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी  तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। फूल-मालाओं और जयघोष के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया।

स्वागत के बाद आयोजित बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। नितिन नबीन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का सबसे बड़ा बल उसका समर्पित कार्यकर्ता है और आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना होगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश में विकास, कानून-व्यवस्था और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर वर्ष 2027 में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल भ्रम फैलाने और नकारात्मक राजनीति करने में लगा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब तथ्यों और सरकार के विकास कार्यों के माध्यम से दें तथा जनता के बीच निरंतर संवाद बनाए रखें।

नितिन नबीन ने कहा कि यदि लोगों के दिलों में स्थान बनाना है तो उनके बीच जाना होगा। प्रत्येक कार्यकर्ता को हर गांव में प्रवास करना चाहिए और हर घर तक पहुंचकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों की जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति ही उसकी सबसे बड़ी पूंजी है और इसी के बल पर पार्टी लगातार जनता का विश्वास जीत रही है।

अपने संबोधन के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अयोध्या, काशी और मथुरा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम की भूमि, बाबा काशी विश्वनाथ की नगरी और श्रीकृष्ण की नगरी में उन्हें जो सम्मान और स्नेह मिला है, उससे वे अभिभूत हैं। उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश की जनता का स्नेह बताते हुए कार्यकर्ताओं से उसी ऊर्जा के साथ संगठन विस्तार में जुटने का आह्वान किया।

बैठक में प्रदेश नेतृत्व ने भी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों की तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *