Dainik Athah

नितिन नवीन उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष



अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कल चार जुलाई शनिवार से दो दिवसीय सांगठनिक प्रवास पर उत्तर प्रदेश में रहेंगे।
इस दौरान नवीन वरिष्ठ पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ विभिन्न संगठनात्मक बैठकें करेंगे। साथ ही वे भाजपा जनप्रतिनिधियों, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेताओं तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों से भी संवाद करेंगे। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा की रणनीति को धार देने और प्रदेश भाजपा की नवगठित टीम के मार्गदर्शन हेतु राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह प्रवास अत्यंत ही महत्वपूर्ण है। नवीन संगठन को मजबूती देने के साथ-साथ शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। उत्तर प्रदेश भाजपा की नई टीम गठित होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह उत्तर प्रदेश का पहला दौरा है।
नवीन 04 2026, शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुँचेंगे, जहाँ पार्टी कार्यकर्ता द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे सीधे प्रदेश भाजपा मुख्यालय के लिए रवाना होंगे जो एक भव्य रोड शो की शक्ल में आलमबाग, टीएन चतुवेर्दी चौराहा चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा और बर्लिंगटन चौराहा होते हुए प्रदेश भाजपा मुख्यालय तक पहुंचेगा। रास्ते में जगह-जगह राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया जाएगा। कार्यालय पहुँचने के पश्चात नवीन प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों तथा जिला अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक करेंगे। शाम चार बजे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष लखनऊ, पुराना हैदराबाद स्थित प्रसिद्ध श्री हुनमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके पश्चात वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री द्वय, भाजपा सांसदों, विधायकों एवं विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके ठीक बाद वे उत्तर प्रदेश भाजपा कोर कमिटी के साथ बैठक करेंगे। देर शाम 07:45 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष पद्मश्री सम्मान से सम्मानित डॉ विद्या बिंदु सिंह के लखनऊ आवास पर यूपी के प्रमुख हस्तियों से मुलाकात करेंगे। रात्रि का भोजन वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ करेंगे।

अगले दिन, रविवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने दिन की शुरूआत उत्तर प्रदेश के पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्षों के साथ चाय पर संवाद से करेंगे। इसके ठीक पश्चात वे उत्तर प्रदेश एनडीए नेताओं के साथ सुबह 09:30 बजे संयुक्त बैठक करेंगे। पूर्वाह्न 10:30 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक के साथ अलग-अलग चर्चा करेंगे। दोपहर 02:45 बजे नवीन राष्ट्र प्रेरणा स्थल जायेंगे। वे यहाँ पर भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाम 05:00 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा लखनऊ के पीर नगर स्थित भाजपा के बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर जायेंगे एवं बूथ पर भाजपा की गतिविधियों एवं कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *