Dainik Athah

विधायक डा. मंजू शिवाच ने जताई नाराजगी, अफसरों संग मंथन

कांवड़ यात्रा सिर पर मोदीनगर में आरओबी की धीमी रफ्तार, जनता को परेशानी

जिलाधिकारी से बात कर कहा लोगों की परेशानी को दूर किया जाये

दोनों तरफ की सर्विस रोड भी हो चुकी है खस्ता हाल


अथाह संवाददाता
मोदीनगर।
मोदीनगर में हापुड़ रोड पर बन रहे रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण के चलते जनता की परेशानियोंं में लगातार इजाफा हो रहा है। इस स्थिति के मद्देनजर विधायक डा. मंजू शिवाच ने जहां विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने जिलाधिकारी से बात कर लोगों की समस्याएं हल करने को कहा।
बता दें कि मोदीनगर में पिछले एक वर्ष से आरओबी का निर्माण चल रहा है। सूत्रों की मानें तो निर्माण का काम वुडहिल कंपनी को मिला है, जिसने निर्माण कार्य आगे किसी अन्य को सौंप दिया। वर्तमान में स्थिति यह है कि जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के कड़े निर्देश के बाद रेलवे फाटक से हापुड़ की तरफ सर्विस रोड का निर्माण करवाया गया था, दोनों ही सड़कें इस समय जर्जर हो चुकी है तथा बड़े बड़े गड्ढे बन गये है जिसके चलते वाहन स्वामियों ही नहीं पैदल यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके चलते ई रिक्शा तो कई बार पलट चुकी है।

जल्द शुरू होगी कांवड़ यात्रा: विधायक ने बुलाई बैठक
गुरूवार को विधायक डा. मंजू शिवाच ने इस मुद्दे पर बैठक आहूत की। बैठक में एसडीएम मोदीनगर, एसीपी मोदीनगर, थाना प्रभारी, नगर पालिका के साथ ही अन्य विभाग उपस्थित थे। बैठक में उन्होंने कहा कि लोगों की परेशानियां आरओबी निर्माण के चलते बढ़ती जा रही है। इस पर कुछ लोगों ने कहा कि निर्माण में लगी कंपनी के लोग किसी की नहीं सुन रहे। विधायक ने बैठक में कहा कि जल्द ही कांवड़ यात्रा शुरू हो जायेगी इस स्थिति में रास्तो का बेहतर होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांवड़ के दौरान किसी प्रकार का अवरोध होता है तो उसका परिणाम सभी को भुगतना होगा।

विधायक ने की जिलाधिकारी से बात

बैठक के दौरान ही विधायक डा. मंजू शिवाच ने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ से बात की और कांवड़ यात्रा की जानकारी देते कहा कि निर्माण अव्यवस्थित होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। इतना ही नहीं कांवड़ यात्रा में परेशानियां अधिक बढ़ जायेगी। जिलाधिकारी ने उन्हें आश्वासन दिया कि वे जल्द ही संबंधित अधिकारियों एवं विभागों की बैठक करेंगे तथा स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *