भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की पहली बैठक
परिचयात्मक बैठक केवल औपचारिक नहीं, बल्कि विधानसभा चुनाव की विजय यात्रा का शुभारंभ है: धर्मपाल सिंह

अथाह ब्यूरो
लखनऊ। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों एवं क्षेत्रीय अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है और प्रत्येक कार्यकर्ता इसकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व ग्रहण करते समय उन्होंने जो बात कही थी, आज उसे पुन: दोहराना चाहते हैं कि उनकी राजनीति का केंद्र कार्यकर्ता है और वे चाहते हैं कि संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी इस कार्यकर्ता-आधारित राजनीति का अभिन्न अंग बने।
चौधरी भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर शुक्रवार को पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों एवं क्षेत्रीय अध्यक्षों की परिचयात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज संगठन में कार्य करने के लिए जो पूरी टीम बैठी है, वह उनकी अपनी टीम है और वे हर परिस्थिति में पूरी टीम के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है और यही टीम आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की विचारधारा, नीतियों, केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
उन्होंने बताया कि नई टीम के गठन में क्षेत्रीय, सामाजिक एवं लैंगिक संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। अवध क्षेत्र से 16, कानपुर क्षेत्र से 8, काशी क्षेत्र से 13, गोरखपुर क्षेत्र से 8, पश्चिम क्षेत्र से 10 तथा ब्रज क्षेत्र से 9 पदाधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है। साथ ही महिलाओं को भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है, जिससे संगठन समाज के प्रत्येक वर्ग का प्रभावी प्रतिनिधित्व कर सके।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि संगठन में युवाओं को पर्याप्त अवसर दिए गए हैं, ताकि वे वरिष्ठ नेताओं के अनुभव से सीखते हुए अपनी ऊर्जा, नवाचार और कार्यक्षमता के बल पर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकें। उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता परिवार का सदस्य है तथा संगठन में दायित्व केवल पद नहीं, बल्कि राष्ट्र एवं समाज की सेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों में जिस भावना के साथ उन्होंने कार्यकतार्ओं के साथ खड़े रहने का प्रयास किया है, उसी भावना के साथ आगे भी प्रत्येक कार्यकर्ता के सम्मान और हित के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि बदले में उन्हें केवल पार्टी के प्रति पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और समर्पण की अपेक्षा है। प्रत्येक पदाधिकारी को अपने व्यक्तिगत आग्रहों से ऊपर उठकर पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक परंपराओं और कार्यशैली को सर्वाेच्च प्राथमिकता देनी होगी।
चौधरी ने कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें ऐसे समय में संगठन में कार्य करने का अवसर मिला है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनी है तथा देश के 22 राज्यों में भाजपा अथवा भाजपा समर्थित सरकारें जनसेवा का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह जनविश्वास निरंतर मेहनत, सेवा और सुशासन का परिणाम है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को संगठन की सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में पुन: भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ पूरी ऊर्जा और समर्पण से कार्य करना होगा। इसके लिए आवश्यक है कि प्रत्येक पदाधिकारी अपने व्यवहार, आचरण और कार्यशैली में पार्टी के सिद्धांतों एवं मूल्यों को आत्मसात करते हुए जनता के बीच विश्वास और संवाद को और अधिक सुदृढ़ बनाए।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन केंद्र सरकार के 12 वर्षों तथा उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्षों से अधिक की विकास यात्रा, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, कानून व्यवस्था, आधारभूत संरचना एवं जनहितकारी कार्यों को व्यापक रूप से जनता के बीच लेकर जाएगा। उन्होंने कहा कि इस विकास यात्रा को आगे बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता इस लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों एवं क्षेत्रीय अध्यक्षों की यह परिचयात्मक बैठक केवल औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव की विजय यात्रा का शुभारंभ है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता और प्रत्येक पदाधिकारी संगठन की शक्ति का प्रतीक है। हमें सदैव स्मरण रखना होगा कि संगठन ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ करना होगा। आने वाला विधानसभा चुनाव केवल एक राजनीतिक चुनाव नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के विकास, सुशासन और जनविश्वास को आगे बढ़ाने का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, आत्मनिर्भर भारत और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। हमें केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को प्रत्येक गांव, प्रत्येक बूथ और प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि हम सभी को आपसी समन्वय, संवाद और टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। संगठन में हर कार्यकर्ता समान रूप से महत्वपूर्ण है। हमारी सफलता का मूल मंत्र है कि बूथ सशक्त होगा, तो चुनाव स्वत: सशक्त होगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे पूर्ण समर्पण, परिश्रम और सकारात्मक ऊर्जा के साथ कार्य करें तथा आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक विजय दिलाने के लिए पूरी शक्ति से जुट जाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक प्रयासों, संगठन की ताकत और जनता के आशीर्वाद से उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी पुन: प्रचंड विजय प्राप्त करेगी।
बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान ने किया।
