Dainik Athah

टीम पंकज में नीरज सिंह, मोहित बेनीवाल, बृज बहादुर उपाध्यक्ष बनें

लंबे इंतजार के बाद भाजपा की प्रदेश कमेटी घोषित

नवाब सिंह नगर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष

अथाह ब्यूरो

लखनऊ। छह महीने से ज्यादा के इंतजार के बाद आखिरकार भाजपा की प्रदेश कमेटी की घोषणा हो गई। टीम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के छोटे बेटे नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संगठन के व्यापक पुनर्गठन के तहत नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। छह महीने बाद घोषित की गई इस टीम में सामाजिक संतुलन, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और नए नेतृत्व को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के अध्यक्षों के नामों का भी ऐलान किया गया है।

नई कार्यकारिणी में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह समेत 25 पदाधिकारी अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से शामिल किए गए हैं। भाजपा ने इस बार ओबीसी वर्ग को अधिक प्रतिनिधित्व देकर अपने सामाजिक आधार को मजबूत करने का प्रयास किया है। वहीं ठाकुर और ब्राह्मण वर्ग के पदाधिकारियों की संख्या में कुछ कमी की गई है। ठाकुर वर्ग के प्रतिनिधियों की संख्या सात से घटाकर छह तथा ब्राह्मण वर्ग के नेताओं की संख्या आठ से घटाकर छह कर दी गई है।

कार्यकारिणी में महिलाओं की भागीदारी पूर्व की तरह बरकरार रखी गई है। कुल 12 महिलाओं को जिम्मेदारी दी गई है, जिनमें चार महिला प्रदेश उपाध्यक्ष, एक महिला प्रदेश महामंत्री और सात महिला प्रदेश मंत्री शामिल हैं।

प्रदेश उपाध्यक्षों की संख्या बढ़ाकर 19 कर दी गई है। इनमें कई नए चेहरों को मौका मिला है। विशेष रूप से देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के छोटे पुत्र नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। नीरज सिंह को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने को भाजपा के युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। उनके अलावा सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, मोहित बेनीवाल और धर्मेंद्र सिंह को पुनः जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि 15 नए चेहरों को प्रदेश नेतृत्व में शामिल किया गया है।

गौरतलब है कि पंकज चौधरी 14 दिसंबर 2025 को भाजपा के निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। उनके अध्यक्ष बनने के छह महीने बाद प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नई टीम आगामी चुनावी चुनौतियों और संगठन विस्तार को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जिससे प्रदेश में भाजपा के संगठन को नई मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *