योगी सरकार में तकनीक आधारित सेवाओं से बिजली व्यवस्था हुई और मजबूत
शिकायतों का न्यूनतम समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश
1448 कर्मचारी तीन पालियों में 24़7 उपभोक्ताओं की सेवा में तैनात
कॉल हैंडलिंग समय 4 मिनट से घटकर 30 सेकंड, प्रतीक्षा समय 49 सेकंड
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में बिजली व्यवस्था लगातार आधुनिक, पारदर्शी और उपभोक्ता-केंद्रित होती जा रही है। इसी दिशा में उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) द्वारा संचालित एकीकृत उपभोक्ता कॉल सेंटर (यूसीसीसी-1912) विद्युत उपभोक्ताओं के लिए भरोसेमंद और प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। योगी सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश के हर बिजली उपभोक्ता को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इसी क्रम में लखनऊ स्थित शक्ति भवन में उप्र. पावर कारपोरेशन के मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने 1912 सेवा की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उपभोक्ता सेवाओं की गुणवत्ता, शिकायत निस्तारण की गति और तकनीकी सुधारों पर विशेष चर्चा हुई है। समीक्षा बैठक के दौरान डॉ. आशीष कुमार गोयल ने साफ निर्देश दिए कि 1912 सेवा को और अधिक प्रभावी, तेज और उपभोक्ता-केंद्रित बनाया जाए।
शिकायतों का न्यूनतम समय में निस्तारण किया जाए
विद्युत उपभोक्ताओं से नियमित फीडबैक प्राप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है, ताकि उपभोक्ताओं के सुझावों के आधार पर सेवाओं में निरंतर सुधार किया जा सके। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि शिकायतों का न्यूनतम समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और प्रत्येक उपभोक्ता को सही एवं त्रुटिरहित बिजली बिल उपलब्ध कराया जाए। योगी सरकार की नीतियों का ही परिणाम है कि प्रदेश में बिजली सेवाओं में तकनीक का व्यापक उपयोग हो रहा है।
1448 कर्मचारी तीन पालियों में 24़7 कार्यरत
आज उपभोक्ता केवल फोन कॉल के जरिए ही नहीं, बल्कि 1912 हेल्पलाइन, आईवीआर, मोबाइल ऐप, वेबसाइट, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया जैसे विभिन्न डिजिटल माध्यमों से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इससे शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया बेहद सरल, तेज और सुविधाजनक हुई है। बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में 1912 सेवा के तहत लगभग 1,448 कर्मचारी तीन पालियों में 24़7 कार्यरत हैं। यह टीम दिन-रात बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान में जुटी हुई है। बेहतर प्रबंधन और तकनीकी उन्नयन के कारण कॉल हैंडलिंग समय में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
योगी सरकार में कॉल हैंडलिंग से लेकर कॉल प्रतीक्षा तक का समय घटा
पहले जहां एक कॉल को हैंडल करने में लगभग 4 मिनट का समय लगता था, वहीं अब यह समय घटकर मात्र 30 सेकंड रह गया है। इसी प्रकार कॉल प्रतीक्षा समय भी 3 मिनट से घटकर केवल 49 सेकंड तक पहुंच गया है। यह सुधार उपभोक्ता संतुष्टि बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है। आंकड़े बताते हैं कि मई 2026 में 1912 सेवा के माध्यम से लगभग 18.55 लाख शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 99 प्रतिशत से अधिक शिकायतों का सफल निस्तारण किया गया है। यह उपलब्धि योगी सरकार की सुशासन नीति और जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था का स्पष्ट उदाहरण है। शिकायतों के त्वरित समाधान से उपभोक्ताओं का भरोसा बिजली विभाग पर लगातार मजबूत हो रहा है।
यूपी में बिजली व्यवस्था लगातार बेहतर हुई
विशेष रूप से विद्युत दुर्घटनाएं, ट्रांसफार्मर खराबी, खंभे की क्षति और बड़े बिजली अवरोध जैसी गंभीर समस्याओं के समाधान में 1912 सेवा ने तेज प्रतिक्रिया देकर अपनी उपयोगिता साबित की है। योगी सरकार ने बिजली क्षेत्र में केवल आपूर्ति बढ़ाने पर ही नहीं, बल्कि उपभोक्ता सेवाओं को मजबूत करने पर भी समान रूप से ध्यान दिया है। यही वजह है कि उत्तर प्रदेश में बिजली व्यवस्था लगातार बेहतर हो रही है। शक्ति भवन में संपन्न समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार सहित प्रदेश के सभी डिस्कॉम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
