Dainik Athah

मुरादनगर शमशान घाट मामला: दोषियों पर लगेगी रासुका, देर रात गिरफ्तार हुआ 25 हजार का ईनामी ठेकेदार

मुख्यमंत्री के कड़े तेवर बरकरार, बढ़ेगी प्रशासन- लोनिवि के अफसरों की परेशानी

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद/लखनऊ।
मुरादनगर शमशान घाट मामले में आरोपी 25 हजार के ईनामी ठेकेदार को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़े तेवर दिखते हुए दोषी ठेकेदार एवं जेई के खिलाफ राष्टÑीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई के आदेश दिये हैं। मुख्यमंत्री के तेवरों को देखते हुए लगता है कि प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की परेशानी बढ़ सकती है।


बता दें कि मुरादनगर के उखलारसी शमशान घाट का लिंटर गिर जाने के चलते 24 लोगों की मौत हो चुकी है। इस मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी मुरादनगर नगर पालिका की ईओ निहारिका चौहान, जेई चंद्र पाल सिंह, सुपरवाइजर आशीष को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। देर शाम पुलिस ने आरोपी ठेकेदार अजय त्यागी पर 25 हजार रुपये का ईनाम घोषित कर दिया। इसके साथ ही देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादनगर हादसे में पीड़ित के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की और आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम लगाने का आदेश दिया। इस घटना के जिम्मेदार इंजीनियर और ठेकेदार के खिलाफ रासुका लगाने के साथ ही दोषी इंजीनियर व ठेकेदार से नुकसान की वसूली होगी और ठेकेदार व इंजीनियर को ब्लैक लिस्ट भी किया गया है। योगी आदित्यनाथ के कार्यालय से डीएम और कमिश्नर को नोटिस जारी कर पूछा जब सितंबर में 50 लाख के ऊपर के निर्माण कार्य का भौतिक सत्यापन का निर्देश जारी किया गया था, तब यह चूक क्यों हुई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिन आश्रित परिवार के पास आवास नहीं हैं, उन्हेंं आवासीय सुविधा मुहैया करने के भी निर्देश दिए हैं।

… तो क्या पुलिस की नजर 25 हजार रुपयों पर थी
सूत्रों के अनुसार आरोपी ठेकेदार अजय त्यागी सत्ता पर पकड़ रखने वालों की शरण में था। लेकिन लेनदेन पर बात न बनने पर पहले 25 हजार रुपये का ईनाम उसके ऊपर घोषित किया गया। इसके बाद पुलिस ने ईनाम घोषित होने के साढ़े तीन घंटे में उसे गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार बात बिगड़ने पर ही उसे गिरफ्तार किया गया। जबकि पूर्व में उसे अदालत में समर्पण करवाने की योजना उसे संरक्षण देने वालों की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *