
अथाह संवाददाता,
गाजियाबाद। इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन से कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के प्रथम दल का भव्य प्रस्थान हुआ। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुनील शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर 47 स्वस्थ श्रद्धालुओं को औपचारिक रूप से रवाना किया।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल तथा अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए पंजीकृत कुल 50 श्रद्धालुओं में से चिकित्सा परीक्षण के पश्चात 47 को यात्रा हेतु उपयुक्त पाया गया। वे अपने लाइजन ऑफिसरों, आईटीबीपी जवानों तथा चिकित्सा दल के साथ विशेष बसों द्वारा एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान किए। प्रस्थान कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने कैलाश मानसरोवर भवन के मंदिर में विधि अनुसार पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने श्रद्धालुओं के स्वागत एवं विदाई के लिए संपूर्ण परिसर में विशेष व्यवस्थाएँ की थीं। परिसर में भजन-कीर्तन, शिव स्तुति, ढोल-नगाड़ों तथा जयघोष के बीच श्रद्धालु “हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” और “ॐ नमः शिवाय” के उद्घोष के साथ भावभीनी विदाई देते दिखे। उपस्थित जनसमूह ने यात्रियों को शुभकामनाएँ दीं और उनकी सुरक्षित यात्रा के लिए प्रार्थना की।यात्रा के दौरान मौजूद गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक रंजन तथा अधिशासी अभियंता योगेश पटेल ने व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

उत्तर प्रदेश शासन के नोडल अधिकारी, संयुक्त सचिव धर्मार्थ कार्य निदेशालय विश्व भूषण मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने श्रद्धालुओं के पांच दिवसीय प्रवास के दौरान विश्वस्तरीय सुविधाएँ प्रदान कीं—सुरक्षित एवं आरामदायक आवास, पौष्टिक तथा सात्विक आहार, योग एवं प्राणायाम के माध्यम से उच्च हिमालयी क्षेत्रों हेतु शारीरिक तैयारी, 24 घंटे चिकित्सा सहायता एवं एम्बुलेंस सेवा, तथा यात्रा मार्गदर्शन हेतु समर्पित टीम। उपाध्यक्ष ने नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की टीम को उत्तम व्यवस्थाओं और आतिथ्य के लिए हृदय से धन्यवाद दिया। यह प्रथम दल सिक्किम स्थित नाथुला दर्रे के मार्ग से निकल कर कैलाश मानसरोवर की ओर अग्रसर होगा और 21 दिवसीय यात्रा के दौरान परिक्रमा सहित अनेक आध्यात्मिक कार्यक्रमों में भाग लेगा।गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने समस्त श्रद्धालुओं की सुरक्षित, मंगलमय और सफल यात्रा की कामना की तथा उनकी सकुशल वापसी के लिए भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की। ReplyForwardAdd reaction
