सिखरानी में भव्य प्रवेश द्वार का लोकार्पण
– लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर को बताया पश्चिमी यूपी का ‘बब्बर शेर’
– संयुक्त परिवार और सामाजिक एकता पर दिया जोर, गुर्जर समाज के महापुरुषों को किया नमन

अथाह संवाददाता,
लोनी। राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने गुरुवार को सिखरानी गांव में स्वर्गीय चौधरी रूमाल सिंह मावी (पूर्व सरपंच) की स्मृति में निर्मित भव्य ग्राम प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया। इस दौरान ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। आयोजक श्योराज मावी ने बुके भेंट कर सांसद का स्वागत किया, जबकि गुर्जर समाज के लोगों ने पगड़ी बांधकर उनका सम्मान किया।

सभा को संबोधित करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले युवाओं के हाथों में कट्टा दिखाई देता था, लेकिन आज भाजपा शासन में वही युवा ब्रह्मोस जैसी अत्याधुनिक मिसाइलों के निर्माण में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह “मोदी फोबिया” से ग्रसित है, जबकि सरकार जनकल्याण और विकास की योजनाओं को धरातल पर उतार रही है।

डॉ. शर्मा ने हिंदुओं की घटती प्रजनन दर पर चिंता व्यक्त करते हुए संयुक्त परिवार व्यवस्था को सनातन संस्कृति की रीढ़ बताया। उन्होंने समाज से जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्र और मातृभूमि के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर की सराहना करते हुए सांसद ने उन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश का “बब्बर शेर” बताया और लोनी में हुए विकास कार्यों के लिए बधाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनंत राम गुर्जर ने की। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
