Dainik Athah

कैलाश मानसरोवर यात्रा-: गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण ने दूसरे बैच के श्रद्धालुओं का किया भव्य स्वागत

अथाह संवाददाता,

गाज़ियाबाद। गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन में कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के दूसरे बैच के 50 सदस्यों (48 श्रद्धालु व 2 लायजन ऑफिसर) का श्रद्धा एवं सम्मान के साथ भव्य स्वागत किया। यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आस्था, अध्यात्म एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के संकल्प के अनुरूप संचालित की जा रही है।

इस वर्ष लगभग 1,000 श्रद्धालुओं के इस पावन यात्रा में सम्मिलित होने की संभावना जताई जा रही है।जीडीए ने श्रद्धालुओं के लिए पांच दिवसीय प्रवास के लिए समुचित व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की हैं। पहली सुबह यात्रियों के शारीरिक व मानसिक तैयारियों के लिये योग व प्राणायाम सत्र आयोजित किए गए।दूसरे दिन सुबह खाली पेट मेडिकल एग्जामिनेशन सेंटर पर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

परीक्षण के बाद श्रद्धालुओं को पैक्ड लंच उपलब्ध कराया गया तथा शाम को भजन-संध्या व आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित कराए गए, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव हुआ।तीसरे दिन यात्रियों को फिटनेस प्रमाणपत्र दिलाने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी तथा आवश्यक औपचारिकताओं व बस सेवा के साथ भोजन व अन्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी।चौथे दिन नाश्ते के बाद श्रद्धालुओं को वीज़ा संबंधी औपचारिकताओं के लिये विदेश मंत्रालय, नई दिल्ली भेजा जाएगा। वापसी पर हाई-टी व रात्रि भोजन की भी व्यवस्था रहेगी।पांचवें दिन प्रातः 7:30 बजे श्रद्धालुओं को यात्रा के अगले चरण के लिये विदा किया जाएगा।

जीडीए ने प्रवास के दौरान श्रद्धालुओं के लिये सुरक्षित व आरामदायक आवास, पौष्टिक व सात्विक भोजन, हिमालय की कठिन परिस्थितियों हेतु शारीरिक तैयारियों के लिये योग व प्राणायाम सत्र, 24×7 चिकित्सा सहायता व एम्बुलेंस सेवा, आध्यात्मिक साहित्य की उपलब्धता तथा समर्पित मार्गदर्शन टीम की व्यवस्था की है। इसी के साथ अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण व समीक्षा का कार्य चल रहा है ताकि हर श्रद्धालु को सुगम, सुरक्षित व आत्मीय अनुभव मिल सके।गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण ने कहा है कि उसका प्रयास है कि कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को आध्यात्मिक गरिमा, सुरक्षा, सुविधा व आत्मीयता से परिपूर्ण वातावरण मिले। प्राधिकरण ने सभी शिवभक्तों की मंगलमयी, सुरक्षित व सफल यात्रा की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *