Dainik Athah

5 माह 27 दिन में भी घोषित नहीं हो सकी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी की टीम

कैसे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी कर पायेगी भाजपा

अब दिल्ली से लखनऊ तक हो चुकी है टीम चयन के लिए सैकड़ों बैठकें

कहां फंसा है पैंच, कौन उत्पन्न कर रहा गतिरोध


अशोक ओझा
नयी दिल्ली/ लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने 14 दिसंबर 2025 को केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था। इस बात को अब तक पांच माह 27 दिन हो चुके हैं, लेकिन टीम पंकज चौधरी की घोषणा नहीं हो सकी है। हर कार्यकर्ता यहीं सवाल पूछ रहा है कि आखिरकार कब घोषित होगी टीम पंकज चौधरी, कहां है अड़चन?
बता दें कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने जब पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था उस समय कहा गया था कि पंकज चौधरी केंद्रीय नेतृत्व के खास है और टीम भी जल्द घोषित हो जायेगी, लेकिन छह माह बीतने के बाद भी टीम घोषित न होने पर अब सवाल खड़े हो रहे हैं।

लगातार पार्टी के कार्यक्रम, पुरानी प्रदेश और क्षेत्रीय टीम के भरोसे
2026 को चुनावी वर्ष माना जा रहा है। यह भी संभावना व्यक्त की जा रही है कि 2026 के अंत तक उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव हो जायेंगे। बावजूद इसके पंकज चौधरी की प्रदेश टीम घोषित न होने पर पुरानी प्रदेश और क्षेत्रीय टीमों के भरोसे कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। समझा जा सकता है कि पुरानी टीमें कितने मनोयोग से काम कर रही होगी।

राष्टÑीय महासचिव विनोद तावड़े भी लखनऊ में सभी वरिष्ठों से कर चुके हैं सलाह
टीम पंकज चौधरी के लिए भाजपा के तेज तर्रार राष्टÑीय महासचिव विनोद तावड़े भी लखनऊ में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, वरिष्ठ मंत्रियों के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक कर सभी के सुझाव ले चुके हैं। तावड़े के आगमन के बावजूद भी अब तक टीम घोषित नहीं हो सकी है।

जब भी दिल्ली में बैठक होती है तब तब लगता है कि अब अगले दो दिन में टीम घोषित हो जायेगी
भाजपा की प्रदेश टीम और क्षेत्रीय अध्यक्षों को लेकर जब जब दिल्ली में बैठकें होती है तब तब यह लगता है कि अब अगले दो- तीन दिन में टीम घोषित हो जायेगी, लेकिन नतीजा वहीं, ढाक के तीन पात वाला ही है।

भाजपा के चक्कर में मीडिया की विश्वसनीयता पर भी संकट!
जब जब टीम घोषित होने के लिए दिल्ली में बैठकें होती है तब तब मीडिया में इन खबरों को प्रमुखता से प्रकाशित किया जाता है कि अब दो से तीन दिन में टीम की घोषणा हो जायेगी, लेकिन नतीजा शून्य। इस स्थिति में मीडिया की विश्वसनीयता पर भी संकट उत्पन्न हो रहा है। भाजपा के लोग भी यहीं कहते हैं कि मीडिया वालों को भी सही जानकारी नहीं है।
अब इस समय जबकि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली में है, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी दिल्ली पहुंच चुके हैं तथा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के भी दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है, हालांकि वे मंगलवार की रात ही लखनऊ लौटे हैं। अब फिर हवा में यह खबरें तैर रही है कि अगले दो से तीन दिन में टीम की घोषणा हो जायेगी, अब देखना यह है कि आखिर कब टीम पंकज चौधरी सभी के सामने आती है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *