Dainik Athah

2027 के स्थान पर 2026 के अंत में हो सकते हैं उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां हुई तेज

सरकार के स्तर तैयारियां तेज, योजनाओं को जमीन पर उतारने के निर्देश

प्रमुख मंत्रियों ने भी अफसरों को दिये निर्देश अक्टूबर से पहले सभी योजनाओं को पूरा करें


अशोक ओझा
नयी दिल्ली/ लखनऊ।
क्या उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के स्थान पर 2026 के अंत में हो सकते हैं?, प्रदेश सरकार एवं जिलों में जिस प्रकार योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है उसे देखते हुए तो यहीं कहा जा सकता है कि विधानसभा चुनाव 2026 के अंत में हो सकते हैं। प्रदेश सरकार समय से पहले चुनाव के लिए पूरी तरह से कमर कस चुकी है। इसका संकेत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रदेश में ताबड़तोड़ दौरों को देखते हुए भी लगाया जा सकता है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश समेत पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर आदि राज्यों में 2027 के प्रारंभ में विधानसभा चुनाव होने हैं। इस समय जबकि देश में जनगणना का काम शुरू हो चुका है तथा 2027 के शुरूआती महीनों में जनगणना का काम और तेज होगा। ऐसे समय में प्रशासनिक मशीनरी और कर्मचारियों के समक्ष परेशानी होगी कि वे दोनों कामों को एक साथ कैसे करें, यहीं कारण है कि यूपी समेत अन्य राज्यों के विधानसभा चुनाव समय पूर्व कराये जा सकते हैं।
सूत्रों की मानें तो प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार यह मानकर चल रही है कि चुनाव समय से पहले अर्थात 2026 के अंत में हो सकते हैं। यहीं कारण है कि एक तरफ भाजपा ने अपने कील कांटे दुरुस्त करने शुरू करने शुरू कर दिये हैं, दूसरी तरफ सरकार के स्तर पर भी तैयारियां तेज कर दी गई है। यदि सूत्रों पर भरोसा करें तो सरकार के प्रमुख मंत्रियों ने संबंधित अधिकारियों को यह निर्देश दे दिये हैं कि वे सभी लंबित योजनाओं को समय से पूर्व यानि अक्टूबर 2026 तक पूर्ण कर लें और उनका उद्धाटन और लोकार्पण का कार्य पूर्ण कर लें।

मुख्यमंत्री योगी नजर आ रहे चुनावी मोड में


सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिस प्रकार प्रदेश के ताबड़तोड़ दौरे कर रहे हैं तथा लगातार अधिकारियों की बैठकें कर समीक्षा कर रहे हैं उससे भी यह संकेत मिलता है कि वे चुनावी मोड में आ चुके हैं। सूत्र बताते हैं कि आगामी समय में मुख्यमंत्री के दौरे जहां तेजी से होंगे, वहीं समीक्षा बैठकों में भी अधिकारियों को कसने का काम किया जायेगा। जिन अधिकारियों के संबंध में शिकायतें मिलेगी कि वे विपक्ष को सहयोग कर रहे हैं उन्हें किनारे भी किया जायेगा।
प्रदेश सरकार के कुछ अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि जिस प्रकार योजनाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश मिल रहे हैं उससे यहीं लगता है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव वर्ष 2026 के नवंबर में हो सकते हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुरू करेंगे यूपी के दौरे


पश्चिमी बंगाल के विधानसभा चुनाव में भगवा फहराने के बाद देश के गृह मंत्री अमित शाह भी जल्द ही उत्तर प्रदेश के दौरे शुरू करने जा रहे हैं। इस दौरान वे संगठन की समीक्षा भी करेंगे। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम भी करेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *