19 करोड़ की लागत से तैयार शौर्य वाटिका बनेगी राष्ट्रभक्ति और सैन्य गौरव का प्रेरणा केंद्र
‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ से ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ तक पहुंचा उत्तर प्रदेश : राजनाथ सिंह
कानून-व्यवस्था और विकास में योगी सरकार ने कायम की नई मिसाल, निवेशकों का बढ़ा भरोसा
रिकॉर्ड समय में पूरा हुआ प्रोजेक्ट, रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी और उनकी सरकार की सराहना की
अथाह व्यूरो,
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नौसेना शौर्य वाटिका का भव्य लोकार्पण रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया के रूप में होती थी, लेकिन आज वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के रूप में हो रही है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन उत्तर प्रदेश के जनप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मजबूत नेतृत्व का नतीजा है। कभी उत्तर प्रदेश की पहचान गुंडाराज और बिगड़ी हुई कानून व्यवस्था से होती थी। मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में आज का उत्तर प्रदेश बदल चुका है।
19 करोड़ से लागत से 2 एकड़ से अधिक क्षेत्र में निर्मित नौसेना शौर्य वाटिका (नौसेना शौर्य संग्रहालय के द्वितीय चरण) का लोकार्पण किया गया है। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नौसेना शौर्य वाटिका कोई साधारण पर्यटन स्थल नहीं है, बल्कि यह एक जीवंत प्रेरणा स्थल है। यह आने वाली पीढ़ियों को बताएगी कि देश की आजादी और सुरक्षा की क्या कीमत होती है। उन्होंने कहा कि नौ सेना शौर्य स्थल लखनऊ के लिए एक प्रेरणा स्थल तो बनेगा ही, साथ ही टूरिस्ट हब के रूप में भी बनेगा। यह लखनऊ की पहचान भी बनेगा। यह सब बढ़ते हुए उत्तर प्रदेश की तस्वीर है, जो हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि लखनऊ अब तहजीब और संस्कृति का शहर होने के साथ-साथ राष्ट्र भक्ति और सैन्य गौरव का भी प्रतीक बन रहा है।
कभी यूपी की पहचान गुंडाराज और बिगड़ी कानून-व्यवस्था से होती थीः राजनाथ सिंह
रक्षामंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज जिस तरह से विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है, उसे आज हम सभी देख रहे हैं। हम सभी जानते हैं कि कभी उत्तर प्रदेश की पहचान गुंडाराज और बिगड़ी हुई कानून व्यवस्था से होती थी। लोग भय से जीते थे और डर में अपनी जिंदगी गुजारते थे। निवेशक यूपी में आने से कतराते थे। वह सोचते थे कि यूपी में कानून व्यवस्था बद से बदतर है और अगर यूपी में हम इन्वेस्ट करेंगे तो गुंडों और बदमाशों के द्वारा परेशान किया जाएगा। राजनाथ सिंह ने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश बदल चुका है, यह सिर्फ हम ही नहीं बल्कि पूरा हिंदुस्तान जानता है।




