Dainik Athah

नगर आयुक्त का सख्त रुख: विभागों और ठेकेदारों को लगाई फटकार,

10 जून तक काम शुरू करने की चेतावनी

अथाह संवाददाता ,

गाजियाबाद। नगर निगम में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और विभागों के बीच समन्वय की कमी पर नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कड़ा रुख अपनाया। निर्माण, जलकल, स्वास्थ्य, प्रकाश और उद्यान विभाग की संयुक्त बैठक में नगर आयुक्त ने अधिकारियों के साथ-साथ संबंधित ठेकेदारों को भी जमकर फटकार लगाई और स्पष्ट चेतावनी दी कि वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद कार्य में देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने पोर्टल के माध्यम से शहर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा में जलकल विभाग और निर्माण विभाग के बीच समन्वय की कमी सामने आने पर उन्होंने नाराजगी जताई। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि इंदिरापुरम समेत नगर निगम के पांचों जोनों में पानी की पाइपलाइन, सीवर लाइन मरम्मत और निर्माण कार्य आपसी तालमेल के साथ किए जाएं, ताकि किसी भी परियोजना में बाधा न आए।

नगर आयुक्त ने सभी संबंधित ठेकेदारों को निर्देश देते हुए कहा कि जिन कार्यों के वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं, उनमें 10 जून तक हर हाल में काम शुरू होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को भी चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर संबंधित ठेकेदारों के साथ-साथ अवर अभियंता और अधिशासी अभियंता के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र और जंग बहादुर यादव भी मौजूद रहे। वहीं मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी और महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद को कार्यस्थलों पर गुणवत्ता और मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त ने उद्यान विभाग के कार्यों की भी समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शहर में चल रहे सभी विकास कार्यों को पोर्टल पर शामिल किया जाए, ताकि पारदर्शिता और मॉनिटरिंग बेहतर हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *