Dainik Athah

भाजपा में अब करेंट नहीं रहा : अखिलेश यादव

 अथाह व्यूरो,

लखनऊ
    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में बिजली संकट के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि अगले चुनाव में जनता भाजपा को अच्छे से धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी। उन्होंने कहा कि शुक्र है उत्तर प्रदेश के ‘असफल मुख्यमंत्री’ जी ने ये नहीं कहा कि इस ‘महा विद्युत आपदा’ के पीछे दिल्ली वालों के भेजे हुए दूत की साज़िश है।
    अखिलेश यादव ने कहा कि ये स्पष्ट किया जाए कि मुख्यमंत्री जी की समीक्षा बैठक में बिजली मंत्री जी आते नहीं हैं या बुलाए नहीं जाते हैं। अगर आते हैं तो माननीय से अनुरोध है कि उनके ‘कंधे पर हाथ रखकर’ एक तस्वीर आप पोस्ट कर दीजिए, जनता को आपकी ‘आपसी गर्मी’ से तो राहत मिल जाएगी क्योंकि जनता ने आप दोनों को कभी एकांत में साथ देखा नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में बिजली के सब-स्टेशनों पर पीएसी लगती है और विधायक-सांसद अपनी ही सरकार के खिलाफ़ चिट्ठी लिखकर, जनता के आक्रोश से बचने का कायराना काम करते हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा में अब करेंट नहीं रहा।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने दस साल में बिजली विभाग को बर्बाद कर दिया है। मुख्यमंत्री जी ने अपने पूरे कार्यकाल में बिजली का एक भी नया कारखाना नहीं लगाया और न एक यूनिट बिजली का उत्पादन बढ़ाया। भाजपा सरकार केवल मीटरों को बदल-बदल कर जनता से उगाही करती रही। भाजपा ने जनता को ठगने और लूटने का काम किया। आज प्रदेश की जनता बिजली के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है। जगह-जगह लोग सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन कर रहे है। सरकार बिजली उत्पादन बढ़ाने और बिजली देने के बजाय तरह-तरह के कुतर्क कर जनता को गुमराह करने का पाप कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *