
अथाह संवाददाता,
गाजियाबाद । नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहर के सभी जोन में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति तेज करने और बिटूमिन्स की बढ़ती कीमतों के बावजूद विकास कार्यों को रोके जाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त न करने के सख्त निर्देश दिए।
रविवार को आयोजित विशेष बैठक में आयुक्त ने निर्माण विभाग के अधिकारियों और ठेकेदारों से कहा कि वैश्विक स्तर पर ईरान युद्ध जैसे कारणों से कच्चे माल की कीमतें बढ़ी हों, परन्तु यह बढ़ोतरी शहर के विकास और जनसुविधाओं पर नकारात्मक प्रभाव नहीं डाल सकती।बैठक में नगर निगम ने 15वां वित्त वर्ष तथा अवस्थापना निधि के अंतर्गत स्वीकृत 160 कार्यों में से 85 कार्यों को तत्काल प्रभाव से आरम्भ करने के निर्देश दिए। उन ठेकेदारों जिनको वर्क ऑर्डर जारी हो चुका है, उन्हें तुरंत साइट पर काम शुरू करने एवं समयबद्ध रुप से परियोजनाओं को पूरा करने का आश्वासन देने के लिए कहा गया।
आयुक्त ने कहा कि नगर निगम भुगतान प्रक्रिया में समय-समय पर सुधार कर रहा है और किसी भी समस्या के समाधान हेतु ठेकेदारों को समुचित सहयोग दिया जा रहा है, इसलिए कीमतों को विकास में रुकावट का बहाना नहीं बनाना चाहिए।नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों में लापरवाही और देरी बर्दाश्त न करने की भी चेतावनी दी और अधिकारियों से मॉनिटरिंग बढ़ाने को कहा। विशेष रूप से इंदिरापुरम में चल रहे कामों और शहर के अन्य जोन में जारी परियोजनाओं के दौरान आम नागरिकों की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नियमों का पालन करते हुए कार्यों को तेज गति से पूर्ण करने पर जोर दिया गया।बैठक में उपस्थित ठेकेदारों ने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों की व्याप्ति को समझते हुए शहरहित में शीघ्र कार्य शुरू करने और सहयोग करने पर सहमति व्यक्त की। मौके पर मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, अधिशासी अभियंता निर्माण विपुल और अन्य विभागीय टीम मौजूद रही।
