Dainik Athah

भाजपा बिना भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कर रही कार्य :पंकज चौधरी

2027 की जीत के संकल्प के साथ भाजपा महानगर प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ


– मुरादनगर में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को संगठन, राष्ट्रसेवा और अंत्योदय का दिया गया मंत्र

अथाह संवाददाता,

गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी महानगर गाजियाबाद द्वारा आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” के अंतर्गत जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ आईटीएस कॉलेज, मुरादनगर में हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख़्तार अब्बास नक़वी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेकर चलने वाला वैचारिक संगठन है, जिसकी सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं।

प्रशिक्षण वर्ग के चौथे सत्र में उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी  तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने “अंत्योदय से संतृप्ति” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण अभियान संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारतीय जनता पार्टी की आत्मा उसकी वैचारिक प्रतिबद्धता और कार्यकर्ता निर्माण की साधना में निहित है। पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि सेवा के माध्यम से राष्ट्रहित में कार्य करना है।

उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण आधुनिक तकनीक, संगठनात्मक कार्यशैली तथा अंत्योदय के सिद्धांत को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की क्षमता विकसित करता है। संगठन और राष्ट्रसेवा के कार्यों को अधिक प्रभावी एवं व्यापक स्वरूप देना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी राजनीति को सेवा और सुशासन का माध्यम बनाने का कार्य कर रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना काल में सेवा कार्य, स्वच्छ भारत अभियान, स्वस्थ भारत अभियान, नारी सम्मान एवं महिला सशक्तिकरण के प्रयास अंत्योदय के सिद्धांत को साकार करने वाले उदाहरण हैं। भाजपा बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

प्रशिक्षण वर्ग के प्रभारी श्रीचंद शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में 11 सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यप्रणाली, बूथ सशक्तिकरण, वैचारिक स्पष्टता, राष्ट्रवाद, डिजिटल कार्यप्रणाली, जनसंपर्क एवं कार्यकर्ता विकास जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, सांसद अतुल गर्ग, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, शहर विधायक संजीव शर्मा, विधान परिषद सदस्य दिनेश गोयल, कार्यक्रम संयोजक एस.पी. सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, पृथ्वी सिंह कसाना, मानसिंह गोस्वामी, महेश अग्रवाल, विजय गोयल, अजय शर्मा, अशोक मोगा, अमरदत्त शर्मा, रूप चौधरी, वीरेश्वर त्यागी, संजीव सिंघल, सुशील गौतम एवं अशोक नागर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि भाजपा का समर्पित एवं अनुशासित कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और यही शक्ति वर्ष 2027 में पुनः भाजपा की प्रचंड विजय सुनिश्चित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *