Dainik Athah

सहयोग से बनेगा सक्षम भारत


 आईआईएसएसएम की दिशा, नीति और नीयत सही है : दुबे


अथाह व्यूरो,

नई दिल्ली। केंद्रीय कोयला एवं खनन राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि देशवासियों के सहयोग से ही अपना देश सक्षम, सशक्त और विकसित बनेगा। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित, सशक्त और सक्षम देश बनाने का जनता से वादा किया है। इस दिशा में सबको आगे बढ़ने की जरूरत है।  दुबे आज यहां इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटी एंड सेफ्टी मैनेजमेंट  (आईआईएसएसएम) के बैनर तले आयोजित ‘सशक्त भारत – सक्षम भारत’ विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आईआईएसएसएम की दिशा, नीति और नीयत सही है। इसलिए इसे आगे बढ़ने से कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, कुशल कामगार और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था ही विकसित भारत का आधार हैं। प्रधानमंत्री ने साढ़े 37 हजार रुपये गैसीफिकेशन के लिएदिया है। उस पर काम जारी है। आने वाले दिनों में अपना देश आत्मनिर्भर बनेगा। हमारे विशेषज्ञ और वैज्ञानिक इस दिशा में काम कर रहे हैं। इससे पूर्व आईआईएसएसएम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो संतोष कुमार ने देशभर से आये अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आपदाओं का स्वरूप बदल रहा है। इसलिए हमें अपनी तैयारियां भी उसी के अनुरूप बढ़ानी होगी। जान- माल की हानि बचाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। पिछले 10 वर्षों में आपदा प्रबंधन में सरकार की सजगता दिखी है। लेकिन हर व्यक्ति को अपनी सुरक्षा के लिए सजग रहना होगा। समारोह को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के पूर्व सदस्य सर्वश्री कृष्णा वत्स, राजेन्द्र सिंह, जनरल जे के बंसल,  राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान के पूर्व कार्यकारी निदेशक राजेन्द्र रतनू, टी विजयकुमार, मेजर मनदीप ग्रेवाल, प्रो राखी पारिजात, कमल संदेश के संपादक शिवशक्ति नाथ बख्शी, आईआईटी कानपुर के पूर्व प्रोफेसर जेपी गुप्ता समेत कई आपदा प्रबंधन विशेषज्ञों ने संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *