गाजियाबाद भाजपा में चल रही आर-पार की जंग
भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के आधा दर्जन से ज्यादा नेताओं को बताई जिला भाजपा की हकीकत
आरोपी पदाधिकारी को अब तक पार्टी से निष्काशित न किये जाने पर प्रदेश के नेता खफा
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। गाजियाबाद जिला भारतीय जनता पार्टी में चल रही जंग अब देश की राजधानी दिल्ली से होते हुए प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक पहुंच गई है। आरोपी पदाधिकारी को पार्टी से निष्काशित न किये जाने पर प्रदेश के नेता भी जिलाध्यक्ष से खफा नजर आ रहे हैं।
बता दें कि मोदीनगर की वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता एवं महिला मोर्चा में जिला पदाधिकारी के साथ भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने अश्लील टिप्पणी की थी। इस मामले में मोदीनगर थाने में एफआईआर भी दर्ज करवाई गई थी। साथ ही यह मामला भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के समक्ष भी उठा था। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश संगठन को निर्देश दिया था कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की जाये।
वरिष्ठ नेताओं ने जताई जिले की स्थिति पर चिंता
मंगलवार को भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ताओं का समूह जिसमें कुछ महिला कार्यकर्ता भी शामिल थी लखनऊ पहुंच गये। वहां पर इन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी, स्वतंत्र देव सिंह, सुनील शर्मा समेत अन्य नेताओं से मुलाकात की और पूरी घटना से उन्हें अवगत कराया। गाजियाबाद जिले की स्थिति पर सभी वरिष्ठ नेताओं ने चिंता व्यक्त करते हुए जिला भाजपा की स्थिति को चिंता जनक बताया।
अब तक गिरफ्तारी और निष्काशन न होने पर नाराज हुए प्रदेश के जिम्मेदार नेता
सूत्र बताते हैं कि निष्ठावान कार्यकर्ताओं ने जब प्रदेश के एक जिम्मेदार पदाधिकारी से मुलाकात कर उन्हें स्थिति बताई तो वे खफा हुए कि कहे जाने के बावजूद अब तक जिलाध्यक्ष ने आरोपी को निष्काशित क्यों नहीं किया। इसके साथ ही उन्होंने गिरफ्तारी न होने पर भी नाराजगी व्यक्त की और कहा कि वे पुलिस अधिकारियों से मिलें। बावजूद इसके यदि गिरफ्तारी नहीं होती है और कौन अड़चन पैदा कर रहा है इससे उन्हें अवगत करवाया जाये। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष से तो वे निपट लेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
जल्द हो सकती है कोई बड़ी कार्यवाही
सूत्र बताते हैं कि इस मामले में जल्द ही कोई बड़ी कार्यवाही पार्टी की तरफ से हो सकती है। प्रदेश के नेता इस स्थिति को अब बर्दाश्त करने की स्थिति में नहीं है।
गाजियाबाद जिले में बवाल से महानगर में भी बेचैनी
भाजपा सूत्रों के अनुसार गाजियाबाद जिला भाजपा मेंं जो स्थिति है उसको देखते हुए अब महानगर में भी बेचैनी है। बता दें कि पिछले दिनों महिला कार्यकर्ताओं ने जिस प्रकार एक दूसरे पर आरोप लगाये और आरोपों की जद में जो पदाधिकारी या जनप्रतिनिधि है उसकी गूंज भी दिल्ली से लखनऊ तक है। ऐसे में अब यह चर्चा है कि महानगर के संबंध में भी जल्द कुछ बड़ा निर्णय प्रदेश नेतृत्व ले सकता है।
