अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में व्यापारी तबाह हो गया है। पुलिस-प्रशासन व्यापारियों को फर्जी केसों में फंसा देती है। प्रदेश में हर दिन 10-15 व्यापारी पुलिस उगाही के शिकार हो रहे है। उन पर झूठे मुकदमें लगाये जा रहे हैं। व्यापारी समाज सबसे ज्यादा राजस्व देता है, फिर भी व्यापारियों से लूट हो रही है, उन्हें तंग किया जा रहा है।
शनिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने सरार्फा व्यापारियों की मुश्किलों को बढ़ा दिया है। सोने को लेकर भाजपा सरकार का फरमान ठीक नहीं है। भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री भ्रमित हैं। लोगों के पास पैसा है ही नहीं तो अर्थव्यवस्था कैसे अच्छी होगी? कुछ ही लोगों के पास पैसा है, बाकी लोगों का हाथ खाली है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने जानबूझकर संकट पैदा किया है। सरकार के फैसले से जेवर कारोबार का क्या होगा? लगातार बढ़ती मंहगाई भाजपा की देन है। भारत की अर्थव्यवस्था में स्वर्णकार समाज का अहम योगदान है। समाजवादी पार्टी स्वर्णकार समाज के साथ है। स्वर्णकार समाज पीड़ित है। स्वर्णकार समाज पीडीए है। समाजवादी पार्टी पीड़ितों के साथ है।
यादव ने कहा कि भाजपा देश की अर्थव्यवस्था को केन्द्रीयकृत कर रही है। इस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। समाजवादी पार्टी की सरकार में स्वर्णकार बोर्ड बनाया जाएगा। स्वर्णकारों के लिए डिजायन विश्वविद्यालय होगा। संत नरहरि दास महाराज की प्रतिमा गोमती रिवरफ्रंट पर लगायी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को तोड़ती है। भाजपा की सोच बहुत घटिया है। 2027 में जनता भाजपा को हराने के लिए तैयार है। भाजपा का सफाया होना तय है। 2027 में भाजपा का साम्प्रदायिकता का फामूर्ला नहीं चलेगा। भाजपा के भ्रष्टाचार और लूट से जनता तंग आ गयी है। सरकारी जमीनों और तालाबों पर बड़े पैमाने पर कब्जे हुए है। अयोध्या, आगरा, गोरखपुर, लखनऊ, प्रयागराज में सबसे ज्यादा जमीनों की खरीद-फरोख्त हुई है। जमीनों की सबसे ज्यादा रजिस्ट्री भाजपा नेताओं ने करायी है। बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। भाजपा सरकार में कोई सुरक्षित नहीं है। बहन-बेटियों के साथ सबसे ज्यादा अपराध की घटनाएं हो रही है।
इस अवसर पर राम भुआल निषाद सांसद, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
