ओडीओपी, युवा उद्यमी, आवास, कृषक दुर्घटना कल्याण और आयुष्मान समेत कई योजनाओं के लाभार्थियों को मिला लाभ

अथाह व्यूरो
महराजगंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महराजगंज में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक, टूलकिट और आवास की चाबियां वितरित कीं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया और उन्हें उपहार भी भेंट किए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग की ओडीओपी योजना के अंतर्गत अंगद को तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत सीमा कन्नौजिया को टूलकिट वितरित कीं। पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के अंतर्गत राजकुमार कुशवाहा को ₹30 लाख की धनराशि का चेक दिया गया। ग्राम प्रधान पंचायत कल्याण कोष योजना के तहत बिजना देवी को ₹10 लाख का चेक प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में एपीओ कंचन मौर्या फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के निदेशक सुरेंद्र कुमार को कृषि यंत्र वितरण हेतु अनुदान राशि का चेक सौंपा गया। इसी प्रकार द्वारिका को भी अनुदान राशि से संबंधित कृषि यंत्र (ट्रैक्टर) की चाबी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत प्रतिभा जायसवाल को ₹5 लाख की परियोजना लागत का चेक दिया गया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अवतारी देवी को आवास की चाबी सौंपी गई, जबकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से विनोद को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत उर्मिला देवी को ₹5 लाख की सहायता राशि का चेक वितरित किया गया।
