Dainik Athah

… क्या मंत्रिमंडल विस्तार की तर्ज पर होगा प्रदेश संगठन में फेरबदल!

भाजपा में अंदरखाने चर्चाओं का बाजार गर्म

कयास- कुछ पदाधिकारी हट सकते हैं तो कुछ के पद बदले जा सकते हैं

अमित शाह पहले ही कह चुके हैं पूरी टीम नहीं बदली जायेगी, पुराने भी रहेंगे शामिल


अथाह ब्यूरो
लखनऊ। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल का विस्तार होने के बाद भाजपा नेताओं को प्रदेश की टीम पंकज चौधरी का इंतजार बेसब्री से है। लेकिन टीम पंकज चौधरी में बड़े बदलाव की संभावना दिन बितने के साथ ही क्षीण होती जा रही है। चर्चा यह भी है कि क्या मंत्रिमंडल की तर्ज पर ही भाजपा की टीम यूपी तैयार होगी।
बता दें कि योगी मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव के कयास लगाये जा रहे थे। सूत्र बता रहे थे कि आधा दर्जन मंत्री हटेंगे और नयों को मौका मिलेगा। लेकिन जिनको हटाने की चर्चा थी उनमें से ही एक का कद बढ़ गया। इसके बाद ही यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या प्रदेश की टीम भाजपा भी इसी तर्ज पर ही बनेगी। इसको लेकर कार्यकर्ताओं में संशय की स्थिति है। इसका कारण यह है कि 2027 में विधानसभा चुनाव होना है और बड़े बदलाव से चुनाव पर असर हो सकता है।
इसके साथ ही सूत्रों की मानें तो पिछले माह जब पूरी तरह नयी टीम लेकर भाजपा के प्रदेश के बड़े पदाधिकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पास पहुंचे तब उन्होंने यह कहते हुए टीम वापस कर दी कि सभी पदाधिकारी नये होंगे तो चुनाव कैसे होगा। उन्होंने पुराने और मेहनती कार्यकर्ताओं को स्थान देने के लिए कहा था। इसके बाद से ही पुराने पदाधिकारी भी अपनी गोटियां बैठाने में लग गये हैं।

राष्टÑीय महामंत्री सुनील बंसल की भी ली जायेगी सलाह!
भाजपा सूत्रों की मानें तो यूपी में 2017 में सरकार बनाने में अमित शाह और सुनील बंसल की भूमिका बड़ी थी। इसके बाद बंसल ने पश्चिमी बंगाल में भाजपा की सरकार बनवाने में कड़ी मेहनत की है जिससे उनका कद पार्टी में बढ़ा है। उन्हें उत्तर प्रदेश की जमीनी हकीकत की जानकारी है ऐसे में यह माना जा रहा है कि संगठन तैयार करने में उनकी सलाह भी अहम होगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *