मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से की मुलाकात
आधा दर्जन से अधिक मंत्रियों को दिलाई जा सकती है शपथ, कईयों के बदलेंगे विभाग

अथाह ब्यूरो
लखनऊ। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल का विस्तार रविवार को होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार पर छाया कुहासा छंट चुका है। चर्चा है कि आधा दर्जन मंत्रियों को शपथ दिलाई जायेगी। यदि विस्तार के स्थान पर फेरबदल हुआ तो नये मंत्रियों की संख्या बढ़ भी सकती है।
पिछले कई माह से चर्चा चल रही थी कि योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा, लेकिन पश्चिमी बंगाल, असम समेत अन्य राज्यों में चुनाव के कारण मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार लंबा होता जा रहा था। अब शनिवार को जैसे ही पश्चिमी बंगाल में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, वैसे ही उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार का रास्ता भी साफ हो गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोलकाता से वापस लौटते ही राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की। इसके साथ ही रविवार को मंत्रिमंडल विस्तार का रास्ता साफ हो गया। सूत्रों की मानें तो कोलकाता से ही मुख्यमंत्री योगी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन से मंत्रिमंडल विस्तार की हरी झंडी मिल गई, यहीं कारण है कि योगी राज्यपाल से मिलने पहुंचे।
नाकारा मंत्रियों को हटाने की थी चर्चा, लेकिन…
भाजपा सूत्रों के अनुसार कुछ नाकारा एवं दागी हो चुके मंत्रियों को हटाने की चर्चा थी, लेकिन यह चुनावी वर्ष होने एवं मंत्रियों को हटाने से कोई गलत संदेश न जाये इसको लेकर गंभीर मंथन हुआ। इसके बाद ही शायद इन मंत्रियों को अभयदान मिल रहा है। हटाये जाने वालों में पश्चिम के मंत्री भी शामिल थे।
बाक्स
पश्चिम से दो मंत्री बनने की संभावना
भाजपा सूत्रों के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के साथ ही बिजनौर के रहने वाले अशोक कटारिया को मंत्री बनाया जा सकता है। इसके साथ ही नये बनने वाले मंत्रियों में सपा छोड़ने वाले मनोज पांडेय, पूजा पाल, कृष्णा पासवान के साथ ही सुरेश पासी, सुरेंद्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा, कैलाश राजपूत समेत अन्य नामों को लेकर चर्चा चल रही है।
