Dainik Athah

अब बात केवल चुनाव की प्रक्रिया को बचाने की नहीं है, देश को बचाने की है: अखिलेश यादव



अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रिय देशवासियों, पश्चिम बंगाल आकर चुनाव की महाधांधली और महाबेईमानी के बारे में जानकर ये लगा कि अब बात केवल चुनाव की प्रक्रिया को बचाने की नहीं है, देश को बचाने की है।
यादव ने कहा कि आज देश उन गलत हाथों में चला गया है जो संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण, स्वतंत्रता, समता-समानता, न्याय, गरिमा, देश की एकता-अखंडता, सद्भाव-सौहार्द-बंधुत्व, महिलाओं के मान-सम्मान, युवाओं, किसानों, मजदूरों, शोषित, वंचित, गरीब कुल मिलाकर पीड़ित-पीडीए के वर्तमान व भविष्य के हक और अधिकारों के घोर विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपाई और उनके मुखबिर संगी-साथी आजादी से पहले भी देश के विरोधी थे और आजादी के बाद भी हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि अब देशवासियों को ये समझना है कि देश की एकता और व्यवस्था को भंग करके कमजोर करनेवाले ये लोग किसके एजेंट हैं? स्वदेशी की बात करके विदेश से पैसा लेनेवाले ये लोग कौन हैं? ये अनरजिस्टर्ड क्यों हैं और अंडरग्राउंड क्यों रहते हैं? ये कोविड के नाम पर जनता से जमा किये चंदे का हिसाब क्यों नहीं देते हैं? ये भ्रष्टाचार को बढ़ाकर देश को बर्बाद क्यों कर रहे हैं? ये देश की तरक़्की के लिए योजना बनाने वाले ‘योजना आयोग’ को समाप्त करके देश के विकास को खत्म करने की चाल क्यों चल रहे हैं? ये शिक्षा पर कब्जा करके देश की मानसिक शक्ति को खोखला क्यों कर रहे हैं? ये सरकारी स्कूलों को बंद करके आम जनता के बच्चों को अनपढ़ रखने का षडयंत्र क्यों कर रहे हैं? नोटबंदी से छोटे कारोबार के खात्मे की साजिश क्यों की? नोटबंदी घोटाले में बैंकिंग व्यवस्था को नोट बदलने के नाम पर भ्रष्ट क्यों किया? जीएसटी को जानबूझकर उलझाऊ और भ्रष्ट बनाकर ये देश की अर्थव्यवस्था को चौपट क्यों कर रहे है? ये अपने लोगों को पैसा जमाकर करके बाहर क्यों भेज देते हैं? विश्वगुरु का दावा करने वाले विश्व के विभिन्न देशों में भाग गये, देश के लुटेरों को ये लोग वापस क्यों नहीं ला रहे हैं? ये साम्प्रदायिकता का जहर फैलाकर देश की एकता को क्यों तोड़ना चाहते हैं? राजनीतिक दलों को तोड़कर ये लोग देश की राज-व्यवस्था को नेस्तनाबूद करने पर क्यों आमादा है?
यादव ने कहा कि अब वो निर्णायक समय आ गया है, जब हम सबको मिलकर इन देश विरोधी नकारात्मक ताकतों को हमेशा के लिए हराना होगा, देश को बचाना होगा, और देश की नई आजादी के लिए तिंरगा उठाना होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *