महिला आयोग पहुंचा भाजपा महिला उपाध्यक्ष के साथ अश्लील चैटिंग का मामला
पुलिस के साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष को महिला आयोग सदस्य ने जमकर लगाई फटकार
अथाह संवाददाता
मोदीनगर। मोदीनगर में भाजपा के गाजियाबाद जिला उपाध्यक्ष द्वारा महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष पर व्हाटसअप चैटिंग के जरिये अश्लील टिप्पणी करने का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। गुरूवार को यह मामला राज्य महिला आयोग के पास पहुंच गया। मामले में महिला आयोग सदस्य हिमानी अग्रवाल ने जब पुलिस और भाजपा जिलाध्यक्ष को फटकार लगाई तब जाकर मोदीनगर पुलिस ने जिला उपाध्यक्ष नितिन मित्तल के खिलाऊ एफआईआर दर्ज की।
आरोप है कि मंगलवार की रात भाजपा जिला उपाध्यक्ष नितिन मित्तल ने वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता गीता कौशिक के साथ शर्मनाम चैटिंग की। इस मामले में मोदीनगर भाजपा के अनुशासित सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ गीता कौशिक मोदीनगर थाने पहुंची और थाना प्रभारी को रिपोर्ट लिखकर दी तथा नितिन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। जो लोग थाने गये उनमें पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत अनेक पूर्व पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल थे।
इस मामले में गुरूवार को सभी लोगों ने मेरठ पहुंचकर राज्य महिला आयोग की सदस्य हिमानी अग्रवाल से मुलाकात की और उन्हें पूरा घटनाक्रम बताया। इसके बाद हिमानी अग्रवाल ने मोदीनगर एसीपी से फोन पर बात कर नाराजगी व्यक्त की कि अब तक एफआईआर और गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। इसके साथ ही उन्होंने जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह से फोन पर बात कर आरोपी जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने कहा ऐसे लोग अब तक संगठन से बाहर क्यों नहीं हुए।
महिला आयोग सदस्य की फटकार के बाद मोदीनगर पुलिस ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष नितिन मित्तल के खिलाफ बीएनएस की धारा 79 के तहत एफआईआर दर्ज की।
इस घटना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष है। उनका कहना है कि महिला सम्मान के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जायेगा। इस मामले में संगठन स्तर पर कार्यवाही न होने पर भाजपा के जिला, क्षेत्र एवं प्रदेश संगठन पर भी सवाल उठ रहे हैं।
