Dainik Athah

भाजपा ने बंगाल में लोकतंत्र को तहस-नहस कर दिया है: अखिलेश यादव

ममता बनर्जी के आवास पर पहुंचे सपा प्रमुख



अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने बंगाल में लोकतंत्र को तहस-नहस कर दिया है। भाजपा ने लोकतंत्र को बहुत नुकसान पहुंचाया है। ममता दीदी आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करती है। इसीलिए वे भाजपा की आखों में खटकती है। भाजपा सामंती सोच की पार्टी हैं, इनके संघी-साथी पुरूषवादी लोग हैं। ये कभी नारी को बढ़ते हुए नहीं देख सकते। भाजपा महिला विरोधी है। भाजपा में महिलाओं का सम्मान नहीं है। राजस्थान में भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री को महिला होने के कारण मुख्यमंत्री नहीं बनने दिया। दिल्ली में आधी-अधूरी मुख्यमंत्री बनाया है।
यादव ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान को बचाना हमारा धर्म है। देश में निष्पक्ष चुनाव नहीं हो रहे हैं। चुनाव आयोग निष्पक्ष नही है। बंगाल के चुनाव में जो कुछ हुआ वह सच छिपा नहीं हैं। बंगाल में भाजपा ने वोटरों पर दबाव बनाया। लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए सभी लोग साथ आयें। इस लड़ाई में हम ममता दीदी के साथ हैं।
पश्चिम बंगाल के एक दिवसीय दौरे पर गुरूवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से उनके कालीघाट आवास पर मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जो-जो किया है, उसका ट्रायल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और उपचुनाव में किया था। उन्होंने उत्तर प्रदेश के उपचुनाव में पुलिस द्वारा रिवाल्वर से महिला मतदाताओं को धमकाने वाली तस्वीर को दिखाते हुए कहा कि भाजपा वोटरों को डराती और धमकाती हैं, उपचुनाव में भाजपा ने पुलिस के जरिए चिह्नित कर समाजवादी पार्टी समर्थकों को वोट डालने से रोका था।
यादव ने कहा कि भाजपा बंगाल में नफरत भरी और जहर घुली राजनीति कर रही है। भाजपा नेताओं के भाषण और बयान नफरत से भरे हुए है। चुनाव में मल्टी लेयर इलेक्शन माफिया की तरह काम हुआ है। इसमें सभी संस्थाएं शामिल रही। संस्थाओं का काम निष्पक्ष चुनाव कराना था, लेकिन उन्होंने अपनी साख खो दी है। पश्चिम बंगाल में हो रही हिंसा को लेकर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ऐसा ही काम करती है, जिससे अराजकता फैले। भाजपा सरकार ने तो भरोसा दिलाया था कि कई कम्पनियां पुलिस बल रहेगी और सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी। आखिरकार कम्पनियां कहां है? क्या उन्हें 15 दिन की छुट्टी दे दी गयी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव के समय लोगों को सुरक्षा देने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग और केन्द्रीय गृह मंत्री की हैं। बंगाल में तीन लाख से ज्यादा केन्द्रीय सुरक्षा बल भेजे गये थे। राज्य प्रशासन के बराबर में केन्द्रीय बलों का पैरलल स्ट्रक्चर खड़ा किया गया था, उसमें बड़ी संख्या में यूपी के लोग भी थे। बंगाल में केन्द्रीय फोर्स यूपी और बिहार से आयी थी। श्री यादव ने कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर काम कर रहा है। एसआईआर और उसके बाद टारगेट कर वोट काटा गया। भाजपा ने लोकतंत्र को लूटा है।
इससे पूर्व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री सुश्री ममता बनर्जी के कोलकाता आवास पर मुलाकात के लिए पहुंचे अखिलेश यादव ने शाल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया और कहा कि आप हारी नहीं है। इस अवसर पर टीएमसी सांसद श्री अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *