अथाह ब्यूरो
लखनऊ/कानपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बूथ स्तर पर व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर पर ही निहित होती है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ को केंद्र में रखकर कार्य करना होगा।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि सभी मंडल प्रवासी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों के प्रत्येक बूथ पर जाकर बूथ कमेटियों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें। जिन बूथों पर कमेटियों का गठन अभी अधूरा है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। इसके साथ ही प्रत्येक शक्ति केंद्र एवं बूथ पर जिम्मेदार कार्यकतार्ओं को बूथ का पालक एवं बूथ प्रवासी नियुक्त किया जाए, जिससे संगठन की मजबूती जमीनी स्तर तक सुनिश्चित हो सके और कार्यों की निरंतर निगरानी बनी रहे।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने शनिवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 17 जिलों के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों एवं सभी 254 मंडलों के प्रवासियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने संगठनात्मक कार्यों की गंभीरता पर जोर देते हुए कहा कि बूथ स्तर पर किए जाने बाले कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करना है। उन्होंने कहा कि मंडल प्रवासी, मंडल कमेटियों से लेकर बूथ स्तर तक सभी गतिविधियों का गहन भौतिक सत्यापन करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि संगठन की प्रत्येक इकाई सक्रिय, सुदृढ़ और प्रभावी रूप से कार्य कर रही हो।
उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए बूथ स्तर पर नियमित संपर्क, संवाद और कार्यक्रमों का आयोजन अत्यंत आवश्यक है। इसी क्रम में उन्होंने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ह्यमन की बातह्ण को प्रत्येक बूथ पर शत-प्रतिशत कार्यकतार्ओं एवं आम जनमानस तक पहुंचाया जाए और इसे सामूहिक रूप से सुनने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक के उपरांत धर्मपाल सिंह ने सभी जिलाध्यक्षों से आगामी जिला प्रशिक्षण वर्गों की तिथियों, आयोजन स्थलों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रशिक्षण वर्गों को प्रभावी, अनुशासित एवं परिणामोन्मुखी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन की रीढ़ होते हैं, जिनके माध्यम से कार्यकतार्ओं को विचारधारा, कार्यपद्धति एवं संगठनात्मक कौशल से सुसज्जित किया जाता है।
बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने की, जबकि संचालन क्षेत्रीय महामंत्री पूनम द्विवेदी ने किया। बैठक की प्रस्तावना प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी अनूप गुप्ता द्वारा प्रस्तुत की गई।
