जीडीए ने 100 करोड़ रूपये की स्वीकृति
अथाह संवाददाता,
गाजियाबाद।गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने शहर में बढ़ते शहरीकरण और बहुमंजिला इमारतों की संख्या को देखते हुए अग्नि सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। प्राधिकरण ने बोर्ड से परिचालन के माध्यम से लगभग ₹100 करोड़ की धनराशि को मंजूरी दे दी है।
इस राशि का उपयोग अग्निशमन सेवाओं को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने के लिए किया जाएगा। GDA ने अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग को धनराशि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू करने के लिए पत्र भी भेज दिया है। विभाग से आवश्यक खाता संबंधी विवरण मांगे गए हैं, ताकि जल्द से जल्द राशि ट्रांसफर की जा सके।
योजना के तहत दो अत्याधुनिक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म मशीनें खरीदी जाएंगी, जो लगभग 102 मीटर ऊंचाई तक काम करने में सक्षम होंगी। इन मशीनों के जरिए ऊंची इमारतों में आग लगने की स्थिति में बचाव और राहत कार्य तेजी और सुरक्षित तरीके से किया जा सकेगा।
प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुरूप GDA इस योजना को प्राथमिकता के आधार पर लागू कर रहा है। संबंधित विभाग से अपेक्षा की गई है कि जरूरी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर प्रक्रिया को गति दी जाए, ताकि इस महत्वपूर्ण पहल का लाभ जल्द से जल्द शहरवासियों को मिल सके।
यह पहल गाजियाबाद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही शहर को आपदा प्रबंधन के लिहाज से अधिक तैयार और सुरक्षित बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
