Dainik Athah

यह आयोजन उत्तर प्रदेश के विकास का प्रतीक बनने जा रहा है: पंकज चौधरी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष- संगठन महामंत्री ने गंगा एक्सप्रेस वे उद्घाटन की तैयारियों की समीक्षा की

हमें अपनी संगठनात्मक क्षमता का श्रेष्ठ प्रदर्शन करना है: धर्मपाल सिंह


अथाह ब्यूरो
लखनऊ/हरदोई।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शनिवार को मल्लावा, हरदोई में प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर चल रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान आयोजित बैठक में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकतार्ओं ने भाग लिया। बैठक में कार्यक्रम को ऐतिहासिक, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए संगठनात्मक दृष्टि से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में कार्यक्रम स्थल, आवागमन, जनसम्पर्क, जनभागीदारी और व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के विकास का प्रतीक बनने जा रहा है।
पंकज चौधरी ने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी परियोजना है, जो आने वाले वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेसवे केवल दूरी कम करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह औद्योगिक निवेश, व्यापारिक गतिविधियों और रोजगार सृजन का सशक्त आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन देखने को मिला है। उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री का विशेष स्नेह और प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और अब गंगा एक्सप्रेसवे जैसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स तेजी से साकार हो रहे हैं। इन परियोजनाओं ने उत्तर प्रदेश को एक्सप्रेसवे प्रदेश के रूप में नई पहचान दिलाई है।
चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार इन परियोजनाओं को जमीन पर उतारने में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। कानून-व्यवस्था में सुधार, बेहतर नीतियां और पारदर्शी प्रशासन ने निवेशकों का विश्वास बढ़ाया है, जिसका सीधा लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है।
उन्होंने कार्यकतार्ओं से आह्वान करते हुए कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन एक ऐतिहासिक क्षण है, जिसे अभूतपूर्व बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी भूमिका को समझते हुए पूरी ऊर्जा, उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए। अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित कर इस कार्यक्रम को जन-उत्सव का रूप दें। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति का प्रतीक है और उसी के प्रयासों से ऐसे आयोजन सफल होते हैं।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन अपने अनुशासन, समर्पण और कार्यकतार्ओं की सक्रियता के लिए जाना जाता है। गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कार्यक्रम संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसमें हमें अपनी संगठनात्मक क्षमता का श्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े कार्यक्रम की सफलता सूक्ष्म योजना और प्रभावी क्रियान्वयन पर निर्भर करती है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और समयबद्धता के साथ करना चाहिए। बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करना आवश्यक है।
सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं और उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इन योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे इसी विकास सोच का सशक्त उदाहरण है, जो प्रदेश की प्रगति को नई दिशा देगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकतार्ओं की मेहनत और संगठन की एकजुटता से यह कार्यक्रम ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *