Dainik Athah

जब खेत मुस्कुरायेगा तो देश मुस्कुरायेगा: अखिलेश यादव

सपा प्रमुख ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से संबोधित किया विजन इंडिया कार्यक्रम

किसानों के मुद्दों के साथ ही स्मार्ट मीटर, गन्ना मूल्य भुगतान समेत अन्य मुद्दे उठाये गये

सपा बनायेगी स्मार्ट गांव, 24 घंटे में गन्न मूल्य भुगतान का भरोसा


अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से गाजियाबाद में विजन इंडिया कार्यक्रम के तहत किसान क्यों पीड़ित, क्यों परेशान विषय पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित किया। कार्यक्रम के बाद समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में यादव ने कहा कि आज किसान संकट में है। भाजपा सरकार ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया। किसान तमाम तरह की परेशानियों का सामना कर रहा है। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन एवं प्रो. सुधीर पंवार भी रहे।
अखिलेश यादव को शनिवार को गाजियाबाद में दिल्ली सीमा पर स्थित एक पांच सितारा होटल में विजन इंडिया कार्यक्रम में भाग लेना था, लेकिन उनके जेट में खराबी आने के कारण वे गाजियाबाद नहीं आ सके। इस मौके पर उन्होंने किसानों के सम्बंध में अपने विजन को रखते हुए कहा कि जब खेत मुस्कुरायेगा तो देश मुस्कुरायेगा। उन्होंने कहा कि बुरे दिन जाने वाले हैं। जब किसान की फसल अच्छी होगी तो देश की अर्थव्यवस्था अच्छी होगी।
यादव ने कहा कि किसान पर कर्ज बढ़ता जा रहा है। फसल बीमा को लेकर किसान जो लोन लेता है, उस पर भी संकट है। किसान को पेस्टी साइड, बीज, खाद, डीजल सब महंगा खरीदना पड़ रहा है। इसके कारण खेती अलाभकारी हो गयी है। किसान के लिए जिस तरह का आधारभूत ढ़ांचा होना चाहिए, वह नहीं है। इधर अमेरिका से डील के बाद बड़े पैमाने पर कृषि उत्पाद भारत आ रहे हैं अगर जानवरों का चारा और कृषि उत्पाद बाहर से आयेगा तो हमारे देश का किसान संकट में चला जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की नींव है। अगर नींव ही हिल जायेगी तो अर्थव्यवस्था और उससे जुड़ा खुशहाली का आंकड़ा बदल जायेगा। उन्होंने कहा कि आर्गेनिक फार्मिंग बढ़ाने, केमिकल का प्रयोग घटाने और किसानों को सबिस टाइज बीज उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने की जरूरत है। सीड टेस्टिंग लैब हो, क्वालिटी चेक हो। उन्होंने इस मौके पर कहा किसानों के लिए बिजली का संकट है। भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में बिजली का कोई कारखाना नहीं लगाया। आज प्रदेश में बिजली उत्पादन के जितने भी कारखाने दिखाई दे रहे सब समाजवादी सरकार में बनाए गए है। स्मार्ट मीटर लगाए हैं। सरकार जनता और बिजली उपभोक्ताओं को लूट रही है। स्मार्ट मीटर से जनता का बहुत नुकसान हो रहा है। जनता सरकार के स्मार्ट मीटर फेंक रही है। समाजवादी पार्टी सरकार में हम स्मार्ट गांव बनायेंगे।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में हमने सोलर गांव बनाया था। उसका उद्घाटन देश के राष्ट्रपति रहे डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने किया था। उस गांव में हर कार्य के लिए बिजली फ्री थी, भविष्य में समाजवादी सरकार में इसी तरह के गांव बनाए जाएंगे। हम लोग किसानों को सब्सिडी देने, फसल नुकसान की पूरी भरपाई होगी। समाजवादी पार्टी की सरकार में किसान दुर्घटना बीमा के माध्यम से किसानों की मदद होती थी। फ्री सिंचाई का इंतजाम किया था, भविष्य में समाजवादी सरकार में 23 फसलों के साथ दूध को भी शामिल करके एमएसपी देने का काम करेंगे। स्टोरेज सुविधाएं बढ़ायी जायेंगी। इंसेटिव योजना को बढ़ावा देंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने तय किया है कि सरकार बनने के बाद किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान 24 घंटे के अंदर कर दिया जायेगा। अब किसानों को इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उसके लिए 15 हजार करोड़ रू0 का किसान रिवाल्विंग फंड बनाया जायेगा। किसान की पर्ची कटते ही उसके खाते में पैसा आ जायेगा। उन्होंने कहा कि जो किसान लोन लेते हैं, उनके लिए एग्रीकल्चर डेबट रिलीफ एक्ट बनाकर रास्ता निकालेंगे कि कैसे लोन माफ हो? समाजवादी सरकार की किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्धता रहती है।
इस मौके पर सांसद हरेंद्र मलिक, इकरा हसन, राजीव रॉय, सपा के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग, जिलाध्यक्ष फैसल हुसैन, महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव समेत अन्य लोग उपस्थित थे। हालांकि बाद में यादव ने कहा कि वे जल्द ही गाजियाबाद आयेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *