Dainik Athah

क्यों नहीं हो पाया भाजपा का नारी शक्ति वंदन महा आक्रोश कार्यक्रम

भाजयुमो जिलाध्यक्ष का दावा कार्यक्रम हुआ, सोशल मीडिया पर खड़ा हुआ सवाल

भाजपा महिला कार्यकर्ताओं का दावा नहीं जुट पाई थी महिलाएं

लोनी में पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को नहीं जलाने दिया पुतला


अथाह संवाददाता
मोदीनगर/लोनी
गाजियाबाद जिले में भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रम हंसी का पात्र बन रहे हैं। पहले तो मोदीनगर में महिलाओं का महा आक्रोश कार्यक्रम नहीं हो सका जिसको लेकर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ लोनी में भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव का पुतला जलाने से रोक दिया।
बता दें कि विपक्ष द्वारा महिला आरक्षण रोके जाने के विरोध में भाजपा पूरे देश में प्रदर्शन कर रही है। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में निकली महा जन आक्रोश रैली में भारी भीड़ जुटी थी। इसी क्रम में भाजपा ने महिलाओं के महा आक्रोश कार्यक्रम की बागडोर भाजयुमो जिलाध्यक्ष हिमांशु शर्मा को सौंप दिया। इसका कारण यह बताया जाता है कि मोदीनगर में भाजपा के लिए भीड़ जुटाना पार्टी पदाधिकारियों के लिए कठिन हो रहा है।
भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने फेसबुक के जरिये दावा किया कि भाजपा का यह कार्यक्रम संपन्न ही नहीं हो सका, जबकि भाजयुमो अध्यक्ष हिमांशु शर्मा ने दावा किया कि कार्यक्रम संपन्न हुआ है। यह कार्यक्रम एक कॉलेज में रखा गया था।

लोनी में पुलिस ने नहीं जलाने दिया राहुल- अखिलेश का पुतला


बुधवार को लोनी में भाजयुमो जिलाध्यक्ष हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं को महिला आरक्षण रोके जाने के विरोध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं सपा के राष्टÑीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला जलाना था, लेकिन पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को पुतला जलाने से रोक दिया।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि हिमांशु शर्मा की एक उप निरीक्षक से इसको लेकर बहस हो रही है, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया कि वह पुतला नहीं जलाने देंगे। इसी बीच भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह भी गाड़ी से पहुंचे और कुछ सैकेंड गाड़ी रोक कर उन्होंने पूछा कि क्या हो रहा है। इस पर उन्हें बताया गया कि पुलिस पुतला नहीं जलाने दे रही, लेकिन वे यह कहते हुए चले गये कि पुतला जलाओ। बावजूद इसके पुलिस ने युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को पुतला जलाने से रोक दिया। अब पार्टी के कार्यकर्ता कह रहे हैं जिलाध्यक्ष ने पुलिस का विरोध नहीं किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *