रामपार्क विस्तार में अतुल कृष्ण भारद्वाज की राम कथा के पहले दिन
खुद सिर पर रामायण लेकर चलते नजर आये विधायक नंद किशोर
बोल- एक वर्ष पहले जिन्होंने कलश यात्रा में व्यवधान डाला उन्हें भगवान राम और हनुमान जी सजा देंगे

अथाह संवाददाता
लोनी। लोनी में आयोजित हो रही श्री राम कथा से पहले आयोजित कलश यात्रा में भक्तों का सैलाब नजर आया। इस दौरान लोनी की गलियां पूरी तरह से भगवामय नजर आ रही थी।
बता दें कि लोनी से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर हर वर्ष राम कथा मर्मज्ञ अतुल कृष्ण भारद्वाज महाराज की राम कथा का आयोजन करते हैं। हर वर्ष किसी नये स्थान पर राम कथा का आयोजन किया जाता है। इस बार कथा रामपार्क विस्तार में सिद्ध बाबा मंदिर में आयोजित की जा रही है। कथा से पहले हर वर्ष की भांति कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कलश यात्रा में शामिल होने के लिए पूरे लोनी क्षेत्र से हजारों की संख्या में महिलाएं पहुंची और सिर पर कलश रखकर एवं भजन गाते हुए चल रही थी।
कलश यात्रा में सबसे आगे विधायक नंद किशोर गुर्जर पहले हाथ में हनुमान जी की गदा एवं इसके बाद सिर पर रामायण रखकर चलते नजर आये। उनके साथ उनकी पत्नी एवं परिवार के लोग चल रहे थे। कलश यात्रा कथा स्थल से प्रारंभ होकर वहीं पर समाप्त हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोनी क्षेत्र के लोग भी उपस्थित थे। कलश यात्रा का जगह जगह भव्य स्वागत पुष्प वर्षा कर किया गया। इसके बाद सभी ने अतुल कृष्ण भारद्वाज के श्रीमुख से रामकथा का श्रवण किया।

जिन्होंने कलश यात्रा में व्यवधान डाला था उन्हें भगवान राम और हनुमान जी सजा देंगे: नंद किशोर गुर्जर
विधायक नंद किशोर गुर्जर ने इस मौके पर कहा कि वे हर साल कथा का आयोजन करते हैं। पिछले वर्ष कलश यात्रा के दौरान जिन लोगों ने व्यवधान डाला था उनको सजा भगवान राम और हनुमान जी देंगे। इसके साथ ही उन्होंने सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने पिछले वर्ष की घटना को भूलकर पहले से ज्यादा संख्या में पहुंचकर कलश यात्रा को सफल बनाया।

करीब 30 हजार से ज्यादा लोगों ने लिया कलश यात्रा में भाग
कलश यात्रा में करीब 30 हजार से ज्यादा महिलाओं एवं अन्य भक्तों ने भाग लिया, जबकि आयोजकों के अनुसार यह संख्या करीब 50 हजार से ज्यादा थी।
