सपा प्रमुखने किया बाबा साहेब को नमन

अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतरत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर राजधानी लखनऊ में हजरतगंज चौराहा पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर नमन किया।
इस अवसर पर अखिलेश यादव के साथ पार्टी के मोहनलालगंज से सांसद आरके चौधरी, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक रविदास मेहरोत्रा, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, अभिषेक मिश्र ने पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
इस मौके पर यादव ने कहा कि आज हम सब लोग भारतरत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर को उनकी जयंती पर याद कर रहे हैं। हजारों सालों के शोषण के खिलाफ सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं। सामाजिक न्याय के राज के लिए साल लगे या सदी समाजवादी लोग लगातार संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के समय भाजपा के लोगों ने कहा था कि 400 सीटें जीत जायेंगे तो संविधान बदल देंगे। हम उत्तर प्रदेश और देश की जनता को धन्यवाद देते हैं, उन्होंने बाबा साहब का संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए भाजपा के खिलाफ मतदान किया और संविधान को बचा लिया, लोकसभा में हार के बाद भाजपाई अण्डर ग्राउण्ड हो गये हैं। हम सभी लोगों को मिलकर भाजपा को हराना और हटाना भी है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब का संविधान केवल कागजी दस्तावेज नहीं हैं, वह लोहे की तलवार है, संविधान हमारी रक्षा करता है। संविधान संजीवनी है। हम सभी को न्याय दिलाता है। आगे बढ़ने और बराबरी का मौका देता है। हम सभी समाजवादी लोग संविधान को बचाने और बाबा साहब के सिद्धांतों को बचाने के लिए काम करते रहेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की दस साल की सरकार में कई जगह बाबा साहब की प्रतिमाएं तोड़ी गयी। 50 जिलों में बाबा साहब की प्रतिमाएं तोड़ी गई। उनको अपमानित किया गया। इस सरकार ने क्या कार्रवाई की। बाबा साहब की मूर्तियों को तोड़ने वाले लोग अब वोट के लिए चुनाव से पहले जनता को भरमाने और झूठा संदेश देने के लिए बजट दे रहे है। प्रदेश की जनता भाजपा के साजिश और षडयंत्रों से सावधान है। भाजपा के छल में नहीं आयेगी।
