Dainik Athah

बाबा साहब ने ऐसा संविधान दिया, जो हर नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है: पंकज चौधरी

बछरावां में डॉ. भीमराव अंबेडकर की नवीन प्रतिमा का भव्य अनावरण


अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को रायबरेली जनपद के बछरावां में डॉ. भीमराव अंबेडकर की नवीन प्रतिमा का भव्य अनावरण किया। इस अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बाबा साहब के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें कोटि-कोटि नमन किया तथा कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रतिमा का अनावरण नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और संविधान के मूल्यों के प्रति हमारी अटूट आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सपा ने परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति की और उनके समय में बाबा साहेब के संविधान का राज नहीं बल्कि माफियाराज था इसीलिए उत्तर प्रदेश की देव तुल्य जनता ने 2017 में दंगा वालो को हटाकर गंगा वालो को चुना।
पंकज चौधरी ने कहा कि बछरावां की पावन धरती मेहनतकश किसानों, संघर्षशील युवाओं और सामाजिक समरसता की पहचान रही है। यहां के लोगों की मेहनत और संघर्ष ही देश को आगे बढ़ाने की शक्ति प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का जीवन हमें यह सिखाता है कि विपरीत परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प और शिक्षा के माध्यम से समाज में व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने देश को एक ऐसा संविधान दिया, जो हर नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान करता है। उनका संपूर्ण जीवन दलित, वंचित और शोषित समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाज में व्याप्त असमानताओं को समाप्त करने और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए निरंतर संघर्ष किया। उन्होंने
विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने बाबा साहब को जीते जी सम्मान नहीं दिया, वे आज उनके नाम पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व की सरकारों ने बाबा साहब के योगदान को नजरअंदाज किया और उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया। सपा ने परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति की और उनके समय में संविधान का राज नहीं बल्कि माफियाराज था इसीलिए उत्तर प्रदेश की देव तुल्य जनता ने 2017 में दंगा वालो को हटाकर गंगा वालो का स्वागत किया 2022 में पुन: भाजपा की सरकार बनी और 2027 में हैट्रिक लगने वाली है। कांग्रेस और सपा के लोग बाबा साहेब का नाम सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए लेते हैं। ना इन्होंने बाबा साहेब का सम्मान किया और ना ही संविधान का। सपा से पूछना चाहिए की जब अपनों को बांट रहे थे मलाई,तब दलित भाइयो की याद ना आई?
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बाबा साहब के विचारों को सच्चे अर्थों में सम्मान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा पंचतीर्थ के विकास, स्मारकों के निर्माण और बाबा साहब की जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर मनाने जैसे अनेक कार्य किए गए हैं, जो उनके प्रति सम्मान को दशार्ते हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार भी बाबा साहब के विचारों को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के माध्यम से उनकी प्रतिमाओं का संरक्षण और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय केवल एक नारा नहीं, बल्कि सरकार की प्राथमिकता है। पिछले एक दशक में केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों गरीबों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं। उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं, जिससे महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। राज्य की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, निवेश के नए अवसर पैदा हुए हैं और निर्यात में भी वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन डबल इंजन सरकार की नीतियों और सुशासन का परिणाम है। उन्होंने विपक्षी दलों पर परिवारवाद और तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब ऐसी राजनीति को नकार चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी जनता विकास और सुशासन के पक्ष में अपना समर्थन देती रहेगी।
पंकज चौधरी ने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि वे बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज में समानता, भाईचारे और न्याय के मूल्यों को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति का विकास नहीं होगा, तब तक सच्चा विकास संभव नहीं है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *