जिला कमेटी के गठन के विरोध में भाजपा में बजने लगा विरोध का बिगुल
भाजपा के स्थापना दिवस पर समानांतर कार्यक्रम में जुटे पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ता
जिनका पार्टी में योगदान नहीं ऐसे लोगों को बांट दिये गये पद
2022 में पार्टी का विरोध करने वालों को जिला कमेटी में दिया गया स्थान
पार्टी को बना दिया गया परिवार का संगठन, हर स्तर पर संघर्ष करने का निर्णय

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी की गाजियाबाद जिला कमेटी के गठन को लेकर पार्टी में विरोध के स्वर तेज होने शुरू हो गये हैं। छह अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस पर समानांतर कार्यक्रम का आयोजन पुराने एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं ने किया, जिसमें जिला कमेटी के खिलाफ हर स्तर पर आवाज उठाने का निर्णय लिया गया। लेकिन साथ ही यह भी कहा गया कि पार्टी को मजबूत करेंगे, लेकिन इस कमेटी को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
बता दें कि अब तक जिला कमेटी के गठन को लेकर दबे स्वर में पार्टी के पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ता आवाज उठा रहे थे, लेकिन छह अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस पर मोदीनगर के छत्री वाले शिव मंदिर में विरोधी गुट ने अलग से स्थापना दिवस का आयोजन किया। जिसमें पूर्व जिलाध्यक्षों, उपाध्यक्षों, संघ से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ ही ऐसे लोग भी शामिल थे जिन्होंने अपनी पूरी जवानी पार्टी के नाम कर दी।

इस दौरान मौजूद लोगों ने संकल्प लिया कि जो साजिश पार्टी को जिले में कमजोर करने की चल रही है उसे किसी हालत में सफल नहीं होने देना है। इसके साथ ही कहा गया कि जिन लोगों ने 2022 में पार्टी के खिलाफ गांवों में बैनर लगवाये थे और पार्टी प्रत्याशी का विरोध किया था ऐसे लोगों को पार्टी में पद दिये गये हैं। ऐसे लोगों को और जिला कमेटी को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। इतना ही नहीं इस दौरान यह भी कहा गया कि पार्टी को कुछ परिवारों तक सीमित नहीं रहने दिया जायेगा। भाजपा में परिवारवादी संस्कृति को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
स्थापना दिवस पर यह भी कहा गया कि सभी लोग मिलकर हर स्तर पर वरिष्ठ नेताओं से संपर्क करेंगे तथा जिले की वर्तमान स्थिति से पार्टी नेतृत्व एवं संघ के वरिष्ठों को अवगत करवाया जायेगा। इसके लिए दिल्ली से लेकर लखनऊ तक सभी लोग जायेंगे।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं पुराने कार्यकर्ताओं ने तल्ख लहजे में कहा कि कुछ लोग साजिश कर भाजपा को जिले में कमजोर करना चाहते हैं जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। पार्टी के वर्तमान पदाधिकारी पार्टी को कमजोर करेंगे और पुराने कार्यकर्ता जिन्होंने अपने खून पसीने से पार्टी को यहां तक पहुंचाया है वे इस साजिश को सफल नहीं होने देंगे। पार्टी को मजबूती देने के साथ ही हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जायेगी।
बाक्स
भाजपा के कार्यक्रम में गिनती के विरोधी गुट में पहुंचे एक सौ से ज्यादा कार्यकर्ता
जानकारी के अनुसार भाजपा द्वारा आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम में ऊंगलियों पर गिने जाने लायक लोग पहुंचे, जबकि पुराने कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ता उपस्थित थे। इससे पता चलता है कि जिले में स्थिति क्या है।
