Dainik Athah

भाजपा का राजनीतिक चरित्र जनविरोधी है, वह छल करती है: अखिलेश यादव



अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा का राजनीतिक चरित्र जनविरोधी है। वह राजनीति के साथ छल करती है। लोकतंत्र के साथ धोखा करती है। भाजपा राज में प्रदेश की पुलिस-व्यवस्था चौपट है। कानून का राज नहीं है। अस्पतालों की हालत खराब है। गरीबों को इलाज नहीं मिल रहा है।
बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आये कार्यकतार्ओं को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में 2024 लोकसभा चुनाव से ज्यादा सावधानी बरतना है। भाजपा की साजिश से सावधान रहना है। जनता बदलाव चाहती है। भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए जनता की तैयारी है। जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना चाहती है। सरकार बनाने के लिए सभी को मिलकर सावधानी से काम करना है। उन्होंने कहा कि एसआईआर में नकली हस्ताक्षर से वोट कटवाए जा रहे थे। चुनाव आयोग निष्क्रिय क्यों है?
यादव ने कहा कि कार्यकर्ता और नेता बूथ पर जाएं। लोगों को भाजपा सरकार की नाकामियों को बताएं। भाजपा सरकार ने स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता को धोखा दिया। राजधानी समेत सभी बड़े शहरों में यातायात व्यवस्था बर्बाद है। सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। लखनऊ में सात हजार करोड़ में ग्रीन कारिडोर बनाया गया। उसकी डिजायन गलत है। हर चौराहे पर पुलिस लगानी पड़ती है। भाजपा सरकार के नौ साल के कार्यकाल में एक भी बिजली का प्लांट नहीं लगा। बिजली व्यवस्था खराब है। स्मार्ट मीटर से बिल में धांधली हो रही है। बिजली उपभोक्ता परेशान हैं। इस सरकार ने कन्नौज काऊ मिल्क प्लांट बंद कर दिया। यह सरकार नया कुछ नहीं बना सकती है। समाजवादी सरकार ने जो बनाया था उसे भी खराब कर दिया। किसान बाजार बेच दिया। भाजपा सरकार किसानों की दुश्मन है। समाजवादी पार्टी की सरकार में विकास के बहुत काम किए गए। मुख्यमंत्री जी का विकास से कोई वास्ता नहीं है। समाजवादी पार्टी की सरकार ने प्रदेश को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाया था। समाजवादी सरकार ने प्रदेश का एक्सप्रेस-वे से परिचय कराया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे जैसी विश्वस्तरीय सड़क बनाने का काम किया।
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट के सारे रिकार्ड टूट गये हैं। उत्तर प्रदेश को पुन: विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना ही होगा। इस अवसर पर माता प्रसाद पाण्डेय नेता विरोधी दल, राजेन्द्र चौधरी पूर्व कैबिनेट मंत्री, श्याम लाल पाल प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *