नौजवानों की बड़ी जिम्मेदारी है कि 2027 में
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं को बर्बाद कर दिया है। भाजपा राज में भ्रष्टाचार और लूट का साम्राज्य कायम है। उन्होंंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नौजवानों की बड़ी जिम्मेदारी है कि 2027 में बहुमत की सरकार बनाने के लिए युवा पूरी मुस्तैदी से बूथ स्तर तक जुटें। युवा शक्ति पर समाजवादी पार्टी का पूरा भरोसा है।
यादव ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ में डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में समाजवादी पार्टी के युवा संगठनों की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा पीडीए से घबरा गई है। समाजवादी पार्टी के युवा संगठनों में छात्रसभा, युवजन सभा, लोहिया वाहिनी तथा मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारियों नेताओं और कार्यकतार्ओं की बड़ी जिम्मेदारी है कि वह बूथस्तर पर समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाकर भाजपा का सफाया करे।
यादव ने कहा कि भाजपा षडयंत्रकारी पार्टी है। उसकी चालो से हम समाजवादियों को सावधान रहना है। सतर्क एवं सजग रहकर भाजपा के षड्यंत्र को विफल करना है। भाजपा भेदभाव करती है। समाज में नफरत फैलाती है। सामाजिक अन्याय करती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना होगी। समाजवादी पार्टी की सरकार में सभी को हक और सम्मान मिलेगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि 10 वर्ष पहले की समाजवादी सरकार के विजन के परिणाम सामने हैं। समाजवादी सरकार में 108 और 102 एम्बुलेंस सेवा, डायल 100 क्विक रिस्पांस सिस्टम जिसे भाजपा सरकार ने 112 बना दिया है। जनता को तत्काल सुविधा के लिए इंटरनेशनल स्तर की पुलिस सेवा के लिए पुलिस मुख्यालय सिग्नेचर बिल्डिंग बनायी गयी। शानदार गोमती रिवर फ्रंट और मेट्रो रेल सेवा समाजवादी सरकार में बनी। भाजपा सरकार ने इन सभी को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि जन विरोधी भाजपा सरकार को हटाने के लिए छात्र-नौजवान, सभी एकजुट होकर अपनी भाषा, व्यवहार और शिष्ट आचरण का परिचय दें। हमारी भाषा एक दूसरे के प्रति सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए।
बैठक में नेता विरोधी दल माता प्रसाद पाण्डेय, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व एमएलसी सुनील सिंह साजन तथा जावेद आब्दी सहित अन्य नेता उपस्थित थे।
