पूरे प्रदेश की नजरें मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही प्रदेश संगठन पर
खरमास के कारण विस्तार के साथ ही प्रदेश कमेटी के गठन पर लगा है ग्रहण
प्रदेश पदाधिकारियों के साथ ही होगी क्षेत्रीय अध्यक्षों की घोषणा
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के जिन विधायकों को मंत्रिमंडल में फेरबदल का इंतजार है उन्हें करीब करीब दो सप्ताह तक और प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है। इंतजार का समय बढ़ भी सकता है। वहीं, प्रदेश भाजपा कमेटी के गठन के लिए भी इतना ही समय लग सकता है। मंत्रिमंडल में फेरबदल से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली का दौरा भी करेंगे। इस फेरबदल में वर्तमान के कई मंत्रियों का पत्ता साफ हो सकता है।
बता दें कि योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें लंबे समय से चल रही है। लेकिन बार बार कोई न कोई अड़चन आ जाती है। इस बार खरमास या मलमास रोड़ा बन गया है। कहते हैं यह समय दान पुण्य का है। खरमास में कोई शुभ काम नहीं होता। यहीं कारण है कि मंत्रिमंडल में फेरबदल भी कुछ दिनों तक टल गया है। खरमास 13 मार्च तक है। इसके बाद 14 अप्रैल से शुभ समय है।
भाजपा सूत्र बताते हैं कि इस बार मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल हो सकता है। जिन मंत्रियों का ट्रेक रिकार्ड अच्छा नहीं है अथवा जिनकी संगठन और सरकार के मुखिया के पास लगातार शिकायतें आ रही है ऐसे मंत्रियों की छुट्टी होना तय माना जा रहा है। जातीय समीकरण साधने के लिए जिन जातियों के मंत्री को हटाया जायेगा उसी जाती के किसी अन्य विधायक को मौका मिल सकता है। इसके साथ ही अब जबकि चुनाव में एक वर्ष से कम का समय शेष बचा है ऐसे में उन जातियों के विधायकों को प्राथमिकता दी जायेगी जिनका प्रतिनिधित्व मंत्रिमंडल में नहीं है। इतना ही नहीं एक नेता एक पद का सिद्धांत भी इस बार लागू किया जायेगा।
सूत्रों पर भरोसा करें तो मंत्रिमंडल में फेरबदल से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली जाकर इस मुद्दे पर केंंद्रीय नेतृत्व से बात कर दिशा निर्देश प्राप्त करेंगे। इसके बाद ही फेरबदल की तारीख तय होगी।
बाक्स
भाजपा की प्रदेश टीम का गठन भी 13 के बाद
भाजपा के विश्वस्त सूत्रों की मानें तो सप्ताह में पांच दिन प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी दिल्ली में रहते हैं। इसका कारण संसद सत्र का चलना भी है। वे 13 अप्रैल से पहले अपनी कसरत पूरी कर लेंगे। इसमें क्षेत्रीय अध्यक्षोें को लेकर भी चर्चा शामिल है। जिस दिन अंतिम मुहर लगेगी उससे पहले प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी लुटियन जोन यानि दिल्ली में नजर आयेंगे। संभावना है कि प्रदेश टीम की घोषणा मंत्रिमंडल में फेरबदल से पहले हो जाये।
