अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा लोकतंत्र नहीं मानती है। एकतंत्र पर भरोसा करती है। वह संविधान नहीं मनविधान से चलती है। भाजपा कम्युनल एजेंडे के तहत कार्य करती है। भाजपा सरकार ने देश की आर्थिक और विदेश नीति को बर्बाद कर दिया है। जनता में भाजपा की पोल खुल गयी है। भाजपा और उसके नेता अपने आप हारने जा रहे हैं। डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार कमजोर हुआ। इन्वेस्टमेंट और एफडीआई नहीं आ रहा है। डीजल, पेट्रोल, गैस सिलेण्डर को लेकर स्थितियां खराब है। अच्छे दिन गायब है। अच्छे दिन का सिलेण्डर लापता हो गया है। भाजपा की सरकार हर मोर्चे पर नाकाम हो चुकी है।
शुक्रवार को एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी तरह से मजबूत है। सीमेंटेड है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी जी भाजपा का मुकाबला कर रही हैं। हम उनका समर्थन कर रहे है। भाजपा और उसकी सरकार ने ममता बनर्जी जी को बहुत परेशान किया। बहुत तकलीफ दिया। ईडी, सीबीआई इनकम टैक्स, केन्द्रीय बलों के जरिए परेशान किया। भाजपा ने चुनाव आयोग से मिलकर अधिकारियों को हटवा दिया। 2022 में यूपी विधानसभा चुनाव में क्या चुनाव आयोग ने कोई डीपीजी, चीफ सेक्रेटरी, डीएम, एसपी हटाया था। भाजपा प्रत्याशी के रिश्तेदारों को भी नहीं हटाया गया था।
