नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही जनसभा
जनप्रतिनिधियों को भी देना होगा जनसभा के जरिये इम्तिहान
कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते संगठन और सरकार
अशोक ओझा
लखनऊ। 28 मार्च शनिवार को गौतमबुद्धनगर के जेवर में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा भारतीय जनता पार्टी के अनेक नेताओं का भविष्य तय करेगी। इतना ही नहीं जनप्रतिनिधियों एवं पांच जिलों के अध्यक्षों की भी परीक्षा होनी है। रैली में ढ़िलाई बरतने वालों पर आने वाले समय में गाज गिरना भी तय माना जा रहा है।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा को सफल बनाने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को जेवर आकर जनप्रतिनिधियों एवं संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दे चुके हैं। इसके दो दिन बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने जनप्रतिनिधियों के साथ ही संगठन की बैठक कर निर्देश दिये।
भाजपा प्रदेश संगठन मोदी की जनसभा को सफल बनाने के लिए कितना चिंतित है इसका पता इसी से लगता है कि तीन दिन में दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष एवं संगठन महामंत्री फिर जेवर पहुंच गये और जनसभा की तैयारियों की समीक्षा की।
प्रदेश महामंत्री संगठन ने डाला डेरा
भाजपा सूत्रों के अनुसार 28 मार्च की प्रधानमंत्री की जनसभा को सफल बनाने के लिए प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने नोएडा में डेरा डाल दिया है। वे लगातार जिलों में बैठकें करने के साथ ही दूरभाष के माध्यम से संगठन पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को निर्देश दे रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों के साथ ही संगठन के लिए लक्ष्य निर्धारित
भाजपा सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा को सफल बनाने के लिए जिला संगठनों के साथ ही जनप्रतिनिधियों को भी भी लक्ष्य दिया गया है। यदि लक्ष्य पूरा नहीं हुआ तो ऐसे नेताओं के ऊपर गाज गिरना भी तय माना जा रहा है। यहीं कारण है कि संगठन पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि लगातार जनसभा को सफल बनाने के लिए बैठकें कर रहे हैं।
प्रशासनिक सहयोग पर भी रहेगी सरकार- संगठन की नजर
भाजपा एवं प्रदेश सरकार के सूत्र बताते हैं कि जनसभा के दौरान प्रशासनिक सहयोग पर भी सभी का ध्यान रहेगा। यदि कहीं से भी इसमें कोताही की खबरें मिली तो उन अफसरों का क्या होगा यह सभी को पता है। यहीं कारण है कि सहयोग में संबंधित जिलों का प्रशासन भी पूरी तरह से सहयोग कर रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को ही पहुंंचेंगे नोएडा
सूत्र बताते हैं कि जनसभा की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए एंव कील कांटे दुरुस्त करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शुक्रवार को ही दोपहर बाद जेवर पहुंच जायेंगे। वे वहीं से जनसभा की तैयारियों की कमान संभालेंगे।
