जनता दल यू के बड़े नेता केसी त्यागी पुत्र अमरीश समेत रालोद में शामिल
रालोद का देश में कैसे विस्तार होगा यह केसी त्यागी की जिम्मेदारी
जयंत चौधरी में चौ. चरण देखता हूं, उनके जैसा ही देखना चाहता हूं: केसी त्यागी

अथाह ब्यूरो
नयी दिल्ली। जनता दल यू के बड़े नेता रहे पूर्व सांसद केसी त्यागी ने रविवार को राष्टÑीय लोकदल के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की मौजूदगी में अपने पुत्र अमरीश त्यागी समेत रालोद का दामन थाम लिया। इस दौरान उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में मंत्री अशोक यादव ने भी रालोद की सदस्यता ली। जयंत चौधरी ने तीनों को सदस्यता दिलाई।
नयी दिल्ली के खचाखच भरे मावलंकर हॉल में आयोजित सम्मेलन में रालोद मुखिया एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि केसी त्यागी मुझमें चौधरी चरण सिंह को देखते हैं, वे चाहते हैं कि मैं चौधरी चरण सिंह जैसा बन जाऊं। लेकिन मैं चौधरी चरण सिंह बन ही नहीं सकता। चौधरी चरण सिंह अपने आप में एक सख्सियत थे।

अब पार्टी मेरी अकेले की जिम्मेदारी नहीं: जयंत चौधरी
जयंत चौधरी ने यह कह कर स्थिति स्पष्ट कर दी कि अब पार्टी को कैसे चलाना है यह मेरी अकेले की जिम्मेदारी नहीं है। केसी त्यागी मेरा मार्गदर्शन भी करेंगे और पार्टी का विस्तार कैसे हो यह भी उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने मंच पर भीड़ लगाये रालोद कार्यकर्ताओं की तरफ देखकर कहा कि अब पीछे मुड़कर इनको डांटने की जिम्मेदारी भी उनकी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अब फरसे और फावड़े का जमाना नहीं है। अब जमाना पौधे और किताबें भेंट करने का है। यदि कोई अपने घर से दो मुट्ठी अनाज या घी लाकर देगा तो वह भी स्वीकार होगा।
इस मौके पर केसी त्यागी ने कहा कि उनकी घर वापसी कहना गलत है। उन्होंने चौधरी चरण सिंह के पैरों में बैठकर राजनीति सीखी है। उन्होंने कहा कि वे जयंत चौधरी को चौधरी चरण सिंह जैसा देखने के लिए आये हैं। उन्होंने कहा जयंत चौधरी उनके 13 वें अध्यक्ष है। जिन 12 अध्यक्षों के साथ उन्होंने काम किया वे सभी चौधरी चरण सिंह की पाठशाला से निकले थे। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि जब देश का प्रधानमंत्री चुनने का मौका आये तो उसका प्रस्ताव भी जयंत चौधरी की तरफ से हो, 2027 में यूपी का मुख्यमंत्री तय होना हो तो जयंत चौधरी ही तय करें कि कौन मुख्यमंंत्री हो। उन्होंने कहा कि जब मोरारजी देसाई प्रधानमंत्री बनें उस समय चौधरी चरण सिंह ने भी उनके नाम का प्रस्ताव रखा था।

इस मौके पर रालोद के राष्टÑीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने कहा कि पूरा रालोद परिवार केसी त्यागी को रिसीव करने आया है।
इस मौके पर यूपी के पूर्व मंत्री अशोक यादव, यूपी सरकार में मंत्री अनिल कुमार, राष्टÑीय महासचिव त्रिलोक त्यागी, सांसद राजकुमार सांगवान, प्रवक्ता मलूक नागर, सुरेंद्र त्यागी समेत अन्य लोगों ने संबोधित किया। मंच पर रालोद के सभी सांसद एवं विधायक भी मौजूद रहे। संचालन बीरपाल मलिक ने किया, उनका सहयोग अमरजीत सिंह बिड्डी ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुरादनगर के पूर्व ब्लाक प्रमुख राजेंद्र पाल त्यागी ने की और चौधरी चरण सिंह को याद किया। प्रमुख लोगों में सांसद चंदन चौहान, विधायक गुलाम मोहम्मद, अमरीश त्यागी भी मंच पर थे।

इनके साथ ही वैटरन क्रिकेट इन इंडिया के अध्यक्ष प्रवीण त्यागी, बिल्डर्स एसोसिएशन के राष्टÑीय उपाध्यक्ष रविंद्र त्यागी, लोनी के पूर्व चैयरमैन मनोज धामा, अजयवीर सिंह एडवोकेट, रजनीश त्यागी, सुधीर त्यागी समेत बड़ी संख्या में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये कार्यकर्ता एवं रालोद के पदाधिकारी मौजूद रहे।
