जनता दल यू में विभिन्न प्रमुख पदों को सुशोभित कर चुके
गाजियाबाद से सांसद, जनता दल यू से रह चुके हैं राज्यसभा सांसद
केंद्रीय भंडारण निगम के अध्यक्ष भी रह चुके हैं केसी त्यागी
22 को नयी दिल्ली के मावलंकर हॉल में होगा त्यागी के समर्थकों का जमावड़ा
अशोक ओझा
नयी दिल्ली। गाजियाबाद से लोकसभा सांसद, जनता दल यू के प्रमुख महासचिव, मुख्य सलाहकार के साथ ही राज्यसभा सांसद रह चुके केसी त्यागी रविवार को विधिवत राष्टÑीय लोकदल में शामिल हो जायेंगे। उनके रालोद में आगमन की आहट मात्र से रालोद कार्यकर्ताओं में खुशी है।
बता दें कि केसी त्यागी खांटी समाजवादी नेता है। चौधरी चरण सिंह की क्लास में राजनीति का ककहरा सीखने वाले त्यागी अपना नेता भी चौधरी चरण सिंह को ही मानते हैं। इसके साथ ही वे देश के उप प्रधानमंत्री रहे चौधरी देवी लाल के भी खास रहे थे। पिछले लंबे समय से वे जनता दल यू का प्रमुख चेहरा बने हुए थे। जनता दल यू से वे राज्यसभा सांसद के साथ ही पार्टी के प्रमुख महासचिव एवं मुख्य प्रवक्ता के साथ ही नीतीश कुमार के मुख्य राजनीतिक सलाहकार की भूमिका का निर्वहन कर चुके हैं।
जयंत चौधरी ने दिया था केसी त्यागी को खुला निमंत्रण
पिछले दिनों केसी त्यागी की पुस्तक के लोकार्पण समारोह में रालोद मुखिया एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने त्यागी को एक प्रकार से रालोद में आने का खुला निमंत्रण दिया था। उन्होंने कहा था वे केसी त्यागी को मनाने आये हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि केसी त्यागी जैसी सख्सियत की हर दल को आवश्यकता है, लेकिन केसी त्यागी तो एक ही है।
सपा में मुलायम सिंह यादव के खासमखास रहे थे केसी
केसी त्यागी सपा में राष्टÑीय महासचिव के पद पर भी लंबे समय तक रह चुके हैं। जब मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री थे उस समय केसी त्यागी को मिनी मुख्यमंत्री कहा जाता था। लेकिन, सपा में अमर सिंह की आमद होने के बाद दोनों के बीच टकराव शुरू हो गया और त्यागी ने जनता दल यू से नाता जोड़ लिया।
सपा भी चाहती थी केसी त्यागी फिर हो पार्टी का हिस्सा
सूत्रों के अनुसार समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव भी चाहते थे कि केसी त्यागी सपा का हिस्सा बनें। सूत्र बताते हैं कि विभिन्न माध्यमों से उन्हें संदेश भी भेजे गये थे। इसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सपा कार्यकर्ताओं की भी प्रबल इच्छा था कि केसी त्यागी सपा में शामिल हो। अनेक लोगों ने कहा था उनके आने से पार्टी मजबूत होगी।
केसी के रालोद में आने की भनक मात्र से कार्यकर्ताओं में खुशी
केसी त्यागी के रालोद में आने की भनक मात्र से रालोद कार्यकर्ताओं में खुशी है। रालोद के एक वरिष्ठ नेता कहते हैं कि पार्टी को उनके जैसे नेता की जरूरत थी। चौधरी चरण सिंह के खास रहे केसी त्यागी के आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।
रविवार को दिल्ली में केसी त्यागी ने बुलाया समर्थकों को
केसी त्यागी ने रविवार 22 मार्च को दिल्ली के रफी मार्ग स्थित मावलंकर हॉल में केसी त्यागी अपने समर्थकों एवं सहयोगियों की बैठक बुला रहे हैं। बैठक कहें या सम्मेलन इसी में त्यागी अपने अगले कदम की घोषणा करेंगे। सूत्र बताते हैं कि सम्मेलन में केसी त्यागी रालोद में शामिल हो सकते हैं। सम्मेलन के मध्यम में रालोद प्रमुख जयंत चौधरी के भी शामिल होने की प्रबल संभावना है।
