Dainik Athah

22 को तय होगा किस दल में जाएंगे केसी त्यागी

जनता दल यू के मुख्य राजनीतिक सलाहकार के सी त्यागी

22 को समर्थकों के साथ बैठक में अगला कदम करेंगे तय

जेडीयू की सदस्यता का नहीं करवाया नवीनीकरण

अथाह ब्यूरो

नई दिल्ली। जनता दल यू के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व सांसद एवं जनता दल यू के मुख्य सलाहकार रह चुके के सी त्यागी 22 मार्च को नई दिल्ली के रफी मार्ग स्थित मावलंकर हाल में आयोजित समर्थकों से सलाहकार अपने अगले कदम का निर्णय करेंगे।

मंगलवार को के सी त्यागी ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि जेडीयू का गठन 30 अक्टूबर 2003 को समता पार्टी और जनता दल के विलय से हुआ था। जॉर्ज फर्नांडिस पार्टी के अध्यक्ष थे और मैं महासचिव के तौर पर उनके साथ मिलकर काम करता था।

उन्होंने कहा मैंने शरद यादव और नीतीश कुमार के साथ भी काम किया, जब वे अध्यक्ष थे और मैं पार्टी का मुख्य महासचिव, मुख्य प्रवक्ता और राजनीतिक सलाहकार था। अब पार्टी का सदस्यता अभियान समाप्त हो गया है। इस बार मैंने पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है। हालांकि, समाज के वंचित वर्गों, किसानों और कृषि से जुड़े लोगों के हितों से जुड़े व्यापक और विस्तृत वैचारिक मुद्दों के प्रति मेरी प्रतिबद्धता पहले की तरह ही दृढ़ बनी हुई है।

केसी त्यागी ने कहा कि नीतीश कुमार के प्रति मेरा व्यक्तिगत सम्मान, जो लगभग आधी सदी तक मेरे साथी रहे, वह भी अपरिवर्तित है।

उन्होंने कहा कि मेरे कुछ मित्र, शुभचिंतक और कार्यकर्ता 22 मार्च को देश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करने के लिए मालवणकर हॉल, रफी मार्ग पर समान विचारधारा वाले लोगों की एक बैठक आयोजित कर रहे हैं। मेरी आगे की रणनीति जल्द ही मेरे सभी करीबी लोगों से परामर्श करके तय की जाएगी। फिर भी, हम भारत रत्न श्री चौधरी चरण सिंह, डॉ. राम मनोहर लोहिया और भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के विचारों और विचारधारा से प्रेरित होते रहेंगे।

अब यह तय है कि के सी त्यागी का अगला कदम 22 मार्च को तय हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *