प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 को करेंगे नमो भारत- मेरठ मेट्रो का उद्घाटन
मेरठ, गाजियाबाद और हापुड़ जिलों से एक लाख लोगों को जुटान का लक्ष्य
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत होगी मोदी- योगी की बड़ी जनसभा
उद्घाटन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी रहेंगे मौजूद
अशोक ओझा
गाजियाबाद/ मेरठ। नमो भारत (आरआरटीएस) के संपूर्ण संचालन के साथ ही मेरठ मेट्रो के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को साधने का काम करेंगे। इस मौके को भुनाने में भारतीय जनता पार्टी भी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। भाजपा की योजना इस मौके पर करीब एक लाख लोग जुटाने का है जिनके माध्यम से भाजपा और मोदी अपना संदेश पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंचाने की है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी प्रधानमंत्री के साथ कदमताल करेंगे।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नमो भारत के पहले चरण में साहिबाबाद से दुहाई, इसके बाद दूसरे चरण में दुहाई से मेरठ साऊथ, साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक के खंड का उद्घाटन किया था। अब तीसरे और अंतिम चरण में नमो भारत के संपूर्ण खंड में जिसमें मोदी पुरम से सराय कालेखां तक की लाइन का उद्घाटन करेंगे। यह पूर्ण खंड करीब 82 किलो मीटर का हो जायेगा। नमो भारत प्रबंधन और पश्चिम के लोग लंबे समय से इस उद्घाटन के इंतजार में थे। अब वह दिन 22 फरवरी है जब पूरे खंड पर नमो भारत का संचालन शुरू हो जायेगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी मेरठ मेट्रो का उद्घाटन भी करेंगे।
मेरठ- गाजियाबाद जिलों की सीमा पर होगी जनसभा
22 फरवरी को भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा मेरठ- गाजियाबाद जिले की सीमा पर करवाने का निर्णय लिया है। दोनों जिलों की सीमा पर स्थित मोहिउद्दीनपुर के गेझा में यह सभा होगी। यहीं पर मेरठ की नयी टाऊनशिप भी विकसित की जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद आगमन के दौरान मेरठ मंडल के अधिकारियों के साथ समीक्षा कर चुके हैं।
जनसभा में एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य

भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया ने बताया कि जनसभा में एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें मेरठ के साथ ही पड़ौसी जिलों के कार्यकर्ता एवं लोग आमंत्रित किये जायेंगे।
मेरठ के साथ ही गाजियाबाद, हापुड़ जिलों को साधने की रणनीति
भाजपा की रणनीति यह है कि मेरठ की सातों विधानसभा के साथ ही गाजियाबाद जिले की मोदीनगर, लोनी एवं धौलाना विधानसभा तथा हापुड़ जिले की हापुड़ एवं गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा से लोगों को बुलाया जायेगा। हर विधानसभा क्षेत्र से 100- 100 बसों एवं 400- 400 कारों से कार्यकर्ता जनसभा में पहुंचेंगे। इस जनसभा के माध्यम से भाजपा प्रधानमंत्री एवं नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को अपनी सांगठनिक शक्ति भी दिखाना चाहती है। मुरादनगर विधानसभा भी जनसभा स्थल के नजदीक इस कारण मुरादनगर को भी इसमें शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।
जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत प्रदेश के अनेक मंत्री शामिल होंगे।
गाजियाबाद शहर- साहिबाबाद विधानसभाओं को रखा दूर
भाजपा की रणनीति में जनसभा में गाजियाबाद शहर एवं साहिबाबाद विधानसभाओं को अलग रखा गया है। दोनों ही क्षेत्र दूर है इस कारण इन क्षेत्रों के कार्यकर्ता नहीं बुलाये जायेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 22 फरवरी को होने वाली जनसभा जो मोहिउद्दीनपुर के गेझा में होनी है उसे ऐतिहासिक बनाने की योजना है। इस जनसभा में पश्चिम के एक लाख से अधिक लोग प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन करेंगे। जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए बैठकें शुरू हो गई है। इसमें कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी।
सत्येंद्र सिसौदिया, क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश
