Dainik Athah

वोटरों के नाम काटनें में शामिल कोई भी गुनाहगार बचना नहीं चाहिए: अखिलेश यादव


अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि न्यायालय संज्ञान ले। भाजपाई घपलेबाज खुद से फार्म 7 छापकर, नकली हस्ताक्षर करके पीडीए समाज के वोटरों, विशेष रूप से अल्पसंख्यक समाज का वोट कटवाने में लगे हैं।
यादव ने कहा कि सिवाय निर्वाचन आयोग के ये बात सबको पता है। हमारे बार-बार अपील करने पर भी एसआईआर में फार्म 7 की ये धांधली नहीं रुक रही है। उन्होंने कहा कि फार्म 7 का दुरुपयोग एक बहुत बड़ा अपराध है। इसके गैरकानूनी इस्तेमाल की क्या सजा क्या हो सकती है। इसके बारे में चुनाव आयोग विज्ञापन प्रकाशित करे और भाजपाई और उनके संगी-साथियों को चेतावनी दे। हमारे पीडीए-प्रहरी और जागरूक वोटर तो इस फजीर्वाड़े के भंडाफोड़ का प्रयास कर ही रहे हैं, चुनाव आयोग भी अपनी विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आगे आए।
यादव ने कहा कि कहीं ऐसा न हो कि मुख्य चुनाव आयुक्त को चेताने के लिए कोई उनका ही नाम फार्म सात का इस्तेमाल करके साफ कर दे। सभी न्यूज चैनलों, अखबारों से अपील है कि वो इस महा-घोटाले का पदार्फाश करें। उन्होंने कहा कि एसआईआर में फार्म 7 के माध्यम से जो भी कोई, किसी और का नाम वोटर लिस्ट से कटवाने का गैरकानूनी अपराध करेगा, उसके खिलाफ एफआईआर लिखवाई जाए। ये लोगों की पहचान, जाति, सब्सिडी, काम, दुकान, कारोबार, नौकरी, संविदा, खेत, जमीन हड़पने का षड्यंत्र भी हो सकता है। इसीलिए हर मतदाता चौकन्ना होकर अपने वोट की जाँच-पड़ताल करे। समस्त पीडीए प्रहरी जुट जाएं और एफआईआर लिखवाएं या कानूनी मदद के लिए पार्टी कार्यालय से संपर्क करें। वोटरों के नाम काटनें में शामिल कोई भी गुनाहगार बचना नहीं चाहिए चाहे वो सत्ताधारी दल का बूथ स्तर का कार्यकर्ता हो, पदाधिकारी, पार्षद, विधायक, सासंद, मंत्री या फिर कोई भी अधिकारी। भाजपा और उनके संगी-साथियों का भंडाफोड़ करने में जुट जाएं और ‘पीडीए प्रहरी’ का कर्तव्य और भी मुस्तैदी से निभाएं!


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *