केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने मोदी- निर्मला सीतारमण को सराहा
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन तथा केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के द्वारा प्रस्तुत केन्द्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला जनोन्मुखी बजट बताते हुए, इसके लिए अभिनंदन तथा आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम और दूरदर्शी नेतृत्व में आज संसद में प्रस्तुत किया गया भारत का आम बजट 2026 देश की आर्थिक मजबूती, सामाजिक संतुलन और दीर्घकालिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय बजट निर्माण प्रक्रिया का हिस्सा होने के नाते पूरी जिम्मेदारी से कह सकता हूं कि केन्द्रीय बजट 2026-27 भारत के आर्थिक विकास को नई गति देने, नागरिको की आकांक्षाए पूरा करने व उनकी क्षमता बढ़ाने, विकसित भारत के लिए दक्ष एवं पेशेवर युवाओं को तैयार करने तथा किसानों की आय बढ़ाने में निर्णायक सिद्ध होगा। उन्होंने केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को लगातार 9वीं बार संसद में बजट प्रस्तुत करने की ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल नारी नेतृत्व की सशक्त मिसाल है, बल्कि भारत के संसदीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय भी है।
पंकज चौधरी ने आम बजट 2026 का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि यह बजट जन-आकांक्षाओं और राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के बीच संतुलन का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय दर्शन को साकार करता यह केन्द्रीय बजट गरीब, मध्यमवर्ग, महिला, युवा व वंचित वर्ग के आर्थिक और सामाजिक उत्थान की मजबूत कड़ी है। यह बजट जन-जन की आत्मनिर्भरता से आत्मनिर्भर विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि प्रदान करेगा। केन्द्रीय बजट में पूरे देश के सवार्गीण विकास के साथ उत्तर प्रदेश के विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रमुखता प्रस्तुत किया गया है। आज के आम बजट 2026-27 में घोषित दिल्ली-वाराणसी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर विकास की एक नई परिभाषा रचने जा रहा है। दिल्ली-वाराणसी समेत 7 हाईस्पीड रेल कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। दिल्ली-वाराणसी, वाराणसी-सिलीगुड़ी में भी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनेंगे। यह पहल आधुनिक अवसंरचना, आर्थिक प्रगति और भरोसेमंद कनेक्टिविटी का सशक्त प्रतीक है। इससे पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और इज आॅफ डूइंग बिजनेस को मजबूत आधार मिलेगा। बनारस और पटना में जहाज मरम्मत सुविधा स्थापित होगी। 5 वर्षों में पांच औद्योगिक क्षेत्रों में कार्बन कैप्चर के लिए 20 हजार करोड़ का प्रस्ताव है।
उन्होंने कहा कि कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए किए गए प्रावधान किसानों की आय बढ़ाने और गांवों के समग्र विकास में सहायक होंगे। किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ मत्स्य पालन और पशुपालन क्षेत्रों को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके साथ ही यह बजट कोकोनट, काजू और कोको जैसे कृषि-आधारित उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा।
चौधरी ने कहा कि आयुष सेक्टर को मजबूती देते हुए तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित किए जाएंगे। कोविड के बाद आयुर्वेद को वैश्विक स्तर पर स्वीकार्यता और पहचान मिली है और आयुर्वेद उत्पादों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कई कदम उठाए जाएंगे। आयुष फामेर्सी और औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं को अपग्रेड किया जाएगा, जबकि जामनगर स्थित डब्ल्यूएचओ वैश्विक पारंपरिक चिकित्सा केंद्र को और मजबूत किया जाएगा। यह आयुर्वेद के क्षेत्र में नए युग का प्रारम्भ होगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में दूरदर्शी योजनाओं की घोषणा करते हुए भारत को वैश्विक जैव-फार्मा विनिर्माण हब के रूप में विकसित करने हेतु बायोफार्मा शक्ति योजना लाई गई है। वहीं अत्याधुनिक तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए इंडिया सेमिकंडक्टर मिशन 2.0 का शुभारंभ शीघ्र किया जाएगा। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक क्षेत्र को नई गति देने के लिए इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट विनिर्माण योजना के अंतर्गत परिव्यय बढ़ाकर 40,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने कहा कि कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए किए गए प्रावधान किसानों की आय बढ़ाने और गांवों के समग्र विकास में सहायक होंगे। एमएसएमई, स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा देने से युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे और उद्यमशीलता को प्रोत्साहन मिलेगा। इसके साथ ही बुनियादी ढांचे, औद्योगिक विकास और लॉजिस्टिक्स पर जोर देकर देश की आर्थिक गति को और तेज किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि आम बजट 2026 न केवल वर्तमान चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत करता है, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए एक मजबूत आर्थिक आधार भी तैयार करता है। यह बजट खर्च आधारित नहीं, बल्कि निवेश, रोजगार और स्थायी विकास की सोच को प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट देश को आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
