अथाह व्यूरो,
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश में लूट चल रही है। भ्रष्टाचार बेलगाम है। हर विभाग और हर कार्य में भ्रष्टाचार है। भाजपा ने पूरे शासन तंत्र को नष्ट कर दिया है। जल-जीवन-मिशन से लेकर पुलिस विभाग तक हर जगह बिना कमीशनखोरी के काम नहीं हो रहा है। हद तो यह है कि भाजपा सरकार माँ गंगा और गौ माता के नाम पर लूट का खेल लगातार खेलती आ रही है। गौमाता’ के नाम पर भाजपाई भ्रष्टाचार उतना ही निंदनीय है जितना ‘माँ गंगा’ के नाम पर भाजपा वालों की अरबों की घपलेबाजी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भ्रष्टाचार का भंडाफोड़ करने वालों पर ही मुक़दमा ठोंक कर भाजपा सरकार उल्टा चोर कोतवाल को डाँटे वाली कहावत को चरितार्थ कर रही है। भाजपा के भ्रष्टाचारियों ने गरीबों के बजट से लेकर पवित्र धार्मिक स्थलों तक को नहीं छोड़ा है। अयोध्या और काशी में ज़मीनों की बड़े पैमाने पर लूट हुई है। भाजपा सरकार ने किसानों और व्यापारियों की जमीनों और दुकानों को आने-पौने दामों पर लेकर अपने चहेते व्यवसायियों एवं उद्योगपतियों को दे दिया। भाजपा भूमाफिया पार्टी है। भ्रष्टाचारी पार्टी है। सरकारी जमीनों और गरीबों की जमीनों को अवैध रूप से कब्जा कर रहे हैं। भाजपा सरकार ने अयोध्या में बड़ी संख्या में किसानों और व्यापारियों को बर्बाद कर दिया अब वाराणसी के दाल मंडी में भी व्यापारियों को उजाड़ने पर उतारू है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार किसी की सगी नहीं है। मां गंगा नदी की सफाई के नाम पर यह सरकार हजारों करोड़ रूपया डकार गई। गंगा और यमुना नदी की सफाई नहीं हुई। स्थिति जस की तस है। गौ माता और गौशाला के नाम पर बड़े पैमाने पर घोटाला हो रहा है। भाजपा के भ्रष्टाचार से प्रदेश की जनता थाने, तहसील से लेकर हर जगह त्रस्त है। कोई काम बिना कमीशन के नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से अगले विधानसभा चुनाव में भ्रष्टाचार का हिसाब लेगी। जनता भाजपा को 2027 में हराकर भाजपाई भ्रष्टाचार का अंत कर देगी।
